पेड़ से अधिकारी का तोता उतारने बुलाया फायर ब्रिगेड

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के नारायणपुर में एक पालतू तोता पेड़ पर बैठ गया। तोते को नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड पहुंची और पानी की तेज बौछारें डाली। उसे नीचे उतारने के लिए हजारों लीटर पानी बहा दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि, यह तोता किसी अधिकारी का है, लेकिन उस अधिकारी का नाम पता नहीं चल सका है। भीषण गर्मी में पानी की किल्लत है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। मामला OBC बॉयज हॉस्टल के पास का बताया जा रहा है।

जानिए क्या है पूरा मामला ?

जानकारी के अनुसार, ओबीसी बॉयज हॉस्टल परिसर के पास कहीं से आकर एक पालतू तोता पेड़ पर बैठ गया। लंबे समय तक वहीं बैठा रहा। वह नीचे उतरने का नाम ही नहीं ले रहा था। इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।

जिसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पानी की तेज बौछारें डाली। तोता काफी ऊंचाई पर बैठा था और उसे नीचे लाने के लिए पाइप से लगातार पानी डाला गया। कड़ी मशक्कत के बाद तोता नीचे उतरा। इस दौरान हजारों लीटर पानी बहाया गया, जबकि इलाका पहले से ही भीषण गर्मी और पानी की कमी से जूझ रहा है।

सोशल मीडिया यूजर्स ने उठाए सवाल

स्थानीय नागरिकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने वीडियो वायरल होने के बाद सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि, फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा का इस्तेमाल आगजनी, दुर्घटनाओं और जनसेवा के लिए होना चाहिए, न कि इस तरह के कार्यों के लिए।

किस अधिकारी का था तोता, स्पष्ट नहीं

लोगों का आरोप है कि, यह सरकारी संसाधनों और पानी की खुली बर्बादी है। हालांकि, तोता किस अधिकारी का है, फिलहाल अभी यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है। मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि इस मामले में जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।