धमतरी जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई

Chhattisgarh Crimesधमतरी जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नगरी ब्लॉक के सीतानदी क्षेत्र में तहसीलदार की टीम ने दबिश देकर 7 ट्रैक्टर जब्त किए हैं। इन ट्रैक्टरों को सिहावा थाने को सौंप दिया गया है।

यह कार्रवाई धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक स्थित बेलर गांव की सीतानदी में की गई। सूचना मिली थी कि यहां अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का काम चल रहा है। मौके पर कुछ ट्रैक्टर रेत से भरे हुए पाए गए, जबकि कुछ अन्य ट्रैक्टर रेत भरने की तैयारी में थे।

ड्राइवर के पास नहीं थे वैध दस्तावेज

तहसीलदार अखिलेश देशलहरे ने बताया कि बेलर गांव के बोरबाँध और भूर्सीडोंगरी गांवों में सीतानदी से अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। मंगलवार और बुधवार को मौके पर जाकर जांच की गई, जिसमें ये ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पकड़े गए। किसी भी ट्रैक्टर ड्राइवर के पास वैध दस्तावेज नहीं थे।

तहसीलदार ने बताया कि जब्त किए गए सभी 7 ट्रैक्टरों को सिहावा थाने को सुपुर्द कर दिया गया है। खनिज विभाग के माध्यम से आगे की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भी भेजा गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Exit mobile version