छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। कार सवार महासमुंद के डॉक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी जिससे एक महिला की मौत हो गई। जबकि ऑटो ड्राइवर समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं बारातियों से भरी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला की जान चली गई और 13 लोग घायल हो गए। एक अन्य घटना में बारातियों को लेकर जा रही पिकअप मोड़ पर बेकाबू होकर पलट गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 बाराती घायल हो गए।
इसके अलावा तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी भी जान चली गई। ये सभी घटनाएं तोरवा, तखतपुर, सीपत और मस्तूरी थाना क्षेत्रों की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है
महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र के ग्राम जम्हनीडीह निवासी टिकेंद्र प्रसाद पटेल (29) सिम्स मेडिकल कॉलेज में सर्जरी विभाग में पदस्थ हैं और पीजी की पढ़ाई भी कर रहे हैं। रविवार को छुट्टी होने के कारण वे अपने घर गए थे।
सोमवार को ड्यूटी होने के चलते वे महासमुंद से बिलासपुर के लिए रवाना हुए थे। इस दौरान जब उनकी कार लालखदान ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी उन्हें झपकी आ गई। इसके कारण उनकी कार (सीजी 04 पीए 3294) अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गई और फिर सीधे एक ऑटो से जा भिड़ी।
महिला की मौत, चालक समेत चार घायल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार मस्तूरी के धनगंज निवासी बीरस बाई डहरिया (50), की मौत हो गई। ऑटो ड्राइवर के दोनों पैर टूट गए, जबकि महिला के साथ सवार अन्य तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों ने डॉक्टर को घेर लिया। इसी दौरान पुलिस वहां पहुंची और डॉक्टर को थाने ले गई। टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि ब्रीथ एनालाइजर जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल कार को जब्त कर लिया गया है और डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गुजरात से लौट रहे थे मजदूर
बीरस बाई डहरिया कमाने के लिए गुजरात गई थी। सोमवार को वह बिलासपुर पहुंची थी और रेलवे स्टेशन से ऑटो में सवार होकर अपने गांव मस्तूरी के धनगवां जा रही थी, लेकिन रास्ते में हुए हादसे में उनकी मौत हो गई। ऑटो में उनके साथ बैठी अन्य महिलाओं की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।
केस- 2 बारातियों से भरी स्कॉर्पियो पलटी, महिला की मौत
कोटा से मुंगेली के पंडातराई जा रही बारातियों से भरी स्कॉर्पियो सोमवार को नगचुई के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो जैसे ही जूनापारा के नगचुई गांव के पास पहुंची, तभी सामने अचानक एक साइकिल सवार आ गया।
उसे बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे तेज रफ्तार वाहन का संतुलन बिगड़ गया और स्कॉर्पियो सड़क पर तीन-चार बार पलट गई।