राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से तीन लोगों को निशाना बनाकर करीब 8 लाख रुपए की ठगी कर ली। कहीं लोन दिलाने का झांसा दिया गया, तो कहीं क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने के नाम पर रकम उड़ा ली गई।
वहीं एक अन्य मामले में बीमा पॉलिसी अपडेट और कंज्यूमर कोर्ट की फर्जी कार्रवाई का हवाला देकर खाते से पैसे निकाल लिए गए। तीनों मामलों में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ितों की पहचान विशाल गुप्ता, सूबेदार हरिश्चंद्र सिंह और अमलीडीह निवासी जयकुमार वाधवानी के रूप में हुई है। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।
तस्वीरों को अश्लील बनाया, वायरल करने की धमकी
रायपुर कमिश्नरेट के अधिकारियों के अनुसार पहला मामला टिकरापारा इलाके का है। यहां प्राइवेट नौकरी करने वाले विशाल गुप्ता ने 10 मार्च 2026 को 10 हजार रुपए के ऑनलाइन लोन के लिए आवेदन किया था।
ठगों ने 40 हजार रुपए का लोन मंजूर होने का झांसा देकर उनके मोबाइल का डेटा हैक कर लिया। इसके बाद उनकी निजी तस्वीरों को अश्लील बनाकर वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल करते हुए करीब 6 लाख रुपए ट्रांसफर करा लिए।