गौरेला ब्लॉक के ग्राम पीपरखुटि के जोबाटोला में भीषण जल संकट सामने आया

Chhattisgarh Crimesगौरेला ब्लॉक के ग्राम पीपरखुटि के जोबाटोला में भीषण जल संकट सामने आया है। यहाँ विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा परिवार के लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।

गाँव का कुआँ सूखने की कगार पर है, जिससे जलस्तर काफी नीचे चला गया है। ग्रामीण जान जोखिम में डालकर कुएं के भीतर उतरते हैं। वे सीढ़ी के सहारे गहराई में जाकर मानव श्रृंखला बनाकर पानी ऊपर तक पहुँचाते हैं।घंटों की मशक्कत के बाद मिलने वाला पानी पीने योग्य नहीं है। यह पानी पीला, मटमैला और कीचड़युक्त होता है। कोई अन्य विकल्प न होने के कारण ग्रामीण इसी दूषित पानी को पीने के लिए विवश हैं।

सरकारी हैंडपंप से बदबूदार पानी आता है

गाँव में एक सरकारी हैंडपंप भी है, लेकिन उससे बदबूदार पानी आता है, जिसे ग्रामीण इस्तेमाल नहीं करते। ग्रामीणों को आशंका है कि अप्रैल में ही जब हालात इतने खराब हैं, तो मई की गर्मी में स्थिति और बिगड़ सकती है। प्रशासन की अनदेखी के कारण यह पूरा क्षेत्र गंभीर जल संकट से जूझ रहा है।