कोलकाता से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-135 की गुरुवार को रायपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई

Chhattisgarh Crimesकोलकाता से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-135 की गुरुवार को रायपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान एक महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह बेहोश हो गई, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, विमान के क्रू मेंबर्स ने तुरंत रायपुर एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे विमान को एयरपोर्ट रायपुर में उतारा गया। कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर हलचल बढ़ गई, लेकिन अन्य सभी यात्री सुरक्षित थे।

लैंडिंग के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल टीम ने महिला को प्राथमिक उपचार दिया। बाद में एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल भेजा गया। जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फ्लाइट ने करीब 1 बजे फिर से पुणे के लिए उड़ान भरी।

तबीयत में सुधार नहीं हुआ तो लिया फैसला

एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, उड़ान कोलकाता से पुणे की ओर सामान्य रूप से बढ़ रही थी, लेकिन बीच रास्ते में यात्री को गंभीर स्वास्थ्य समस्या का सामना करना पड़ा। इस पर विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स ने तत्काल उसे प्राथमिक चिकित्सा देने का प्रयास किया, लेकिन जब स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, तो पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया।

महिला यात्री की हालत खतरे से बाहर

रायपुर एयरपोर्ट पर पहले से ही मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया था। जैसे ही विमान ने एयरपोर्ट पर लैंडिंग की, मेडिकल स्टाफ विमान के भीतर पहुंचा और तुरंत यात्री को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद, उसे और बेहतर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया।

फिलहाल, महिला यात्री की स्थिति के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन चिकित्सा सुविधाएं समय पर मिलने के कारण उसकी स्थिति कंट्रोल में बताई जा रही है।

लैंडिंग पूरी तरह सुरक्षित रही

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, इस इमरजेंसी लैंडिंग को पूरी तरह से सुरक्षित तरीके से किया गया। इस दौरान अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई। हालांकि, कुछ समय के लिए एयरपोर्ट पर हलचल जरूर बढ़ गई थी, लेकिन स्थिति को जल्द ही सामान्य कर लिया गया। सभी यात्रियों को विमान के अंदर सुरक्षित रखा गया।

स्थिति सामान्य होने के बाद करीब 1 बजे फ्लाइट को दोबारा टेकऑफ कराया गया और वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।