कोंडागांव जिले के जैतपुरी गांव में एक शादी समारोह के दौरान युवतियों से छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह घटना 26 अप्रैल 2026 की रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच हुई। शादी समारोह में डीजे पर डांस चल रहा था, तभी गांव के कुछ युवकों ने वहां मौजूद पीड़िता और पांच अन्य युवतियों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
आरोप है कि युवकों ने गलत नीयत से युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जब युवतियों ने इसका विरोध किया, तो उनके साथ मारपीट भी की गई।
घटना की शिकायत के बाद कोंडागांव थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बबलू मरकाम (20), अनिल यादव (18 वर्ष 4 माह), वीरेंद्र मानिकपुरी (21), महेश कुलदीप (21) और अमित दास यादव (19) को हिरासत में लिया। ये सभी जैतपुरी पटेलपारा के निवासी हैं।
पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने घटना को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।