जांजगीर-चांपा में कोतवाली पुलिस ने धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो धारदार हथियार भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के निर्देश पर की गई। उन्होंने हाल ही में थाना प्रभारियों की बैठक में असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
धारदार हथियार लहरा कर राहगीरों को डरा धमका रहे थे
पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक अलग-अलग स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूम रहे हैं और राहगीरों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज सूर्यवंशी (22) और दीपक सूर्यवंशी (30) के रूप में हुई है। ये दोनों जांजगीर के पेण्ड्री निवासी हैं। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार हथियार बरामद किया गया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न दे पाने पर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग कार्रवाई की गई है।