मॉक टेस्ट से मजबूत हो रही नींव, प्रयास आवासीय विद्यालय की तैयारी तेज

Chhattisgarh Crimes
ग्रीष्म अवकाश में भी नहीं रुकी पढ़ाई: प्रधान पाठक चित्रसेन पटेल का सराहनीय प्रयास
पूरन मेश्राम/देहारगुड़ा। जहाँ एक ओर ग्रीष्मकालीन अवकाश में अधिकांश विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियाँ विराम पर रहती हैं, वहीं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला देहारगुड़ा संकुल केंद्र गिरहोला विकासखंड मैनपुर जिला गरियाबंद छत्तीसगढ़ में शिक्षा के प्रति समर्पण का अनूठा उदाहरण देखने को मिल रहा है। प्रधान पाठक चित्रसेन पटेल द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए अवकाश के दौरान भी निरंतर अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है।प्रतियोगी परीक्षा प्रयास आवासीय विद्यालय की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन एक घंटे की विशेष कक्षा लगाई जा रही है। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को न केवल विषयवार मार्गदर्शन दिया जा रहा है, बल्कि उनकी तैयारी को सुदृढ़ बनाने के लिए नियमित रूप से मॉक टेस्ट भी आयोजित किए जा रहे हैं। इससे छात्रों को परीक्षा का वास्तविक अनुभव मिल रहा है और उनकी कमजोरियों को पहचान कर सुधारने का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।
प्रधान पाठक श्री पटेल का यह समर्पण विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के बीच विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके इस प्रयास से छात्रों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है।
यह पहल न केवल अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि सच्ची लगन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने इस सराहनीय कार्य के लिए प्रधान पाठक का हृदय से आभार व्यक्त किया है।

Exit mobile version