सरगुजा के मैनपाट ब्लॉक में पीएम जन-मन योजना के तहत बनी नई सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे

Chhattisgarh Crimesसरगुजा के मैनपाट ब्लॉक में पीएम जन-मन योजना के तहत बनी नई सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क का डामर हाथ से ही उखड़ रहा है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

मामला सामने आने के बाद सरगुजा कलेक्टर ने पीएमजीएसवाई के ईई को जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले में दशकों तक पहुंचविहीन रहे इलाकों के लिए नई सड़कें पीएम जन मन योजना के तहत स्वीकृत की गई हैं। इनमें 14 सड़कें मैनपाट ब्लॉक की हैं। दशकों बाद बन रही उम्मीद की इन सड़कों में ठेकेदार जमकर मनमानी कर रहे हैं। डब्लूबीएम और जीएसबी वर्क में गुणवत्ता की अनदेखी की गई। सड़क की धूल को हटाए बिना ही उनपर डामरीकरण कर दिया गया।

हाथों से उखड़ रही नई सड़क

नई डामरीकृत सड़क की स्थिति ऐसी है कि वह आसानी से हाथों से उखड़ जा रही है। मैनपाट के कदनई से लोटाभवना सड़क में नया बीटी वर्क किया गया है, तब बारिश हो रही थी। 2.50 किलोमीटर की यह सड़क एक करोड़ 80 लाख रुपए में तैयार हुई है।

सड़क को उखाड़ते हुए लोगों ने वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि नई डामरीकृत सड़क का बीटी वर्क आसानी से हाथों से उखड़ जा रहा है। डामर की पतली लेयर बिछाकर सड़क का काम पूरा दिखा दिया जा रहा है।

ऐसे में सड़क के पहली बरसात में ही खराब हो जाने की आशंका है। यह पूरा इलाका पहाड़ी क्षेत्र भी है, जहां खासी बारिश भी होती है।

PMGSY पर निर्माण में अनदेखी का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार सड़क की कॉम्पेक्सिंग भी ठीक से नहीं की गई है। उसके ऊपर बिना सफाई या इमलशन डाले ही डामर की लेयर बिछा दी गई। कहीं-कहीं तो डामर की लेयर इतनी पतली है कि उंगली से खुरचने पर नीचे मिट्टी और डब्लूबीएम की लेयर सामने आ जा रही है।

बताया गया है कि मैनपाट क्षेत्र के पीएम जनमन योजना का काम पत्थलगांव के ठेकेदार सुनील अग्रवाल को मिला है। उन्होंने लोकल ठेकेदारों को पेटी कांट्रेक्टर में काम बांट दिया है। पेटी कांट्रेक्टर मनमाने तरीके से काम कर रहे हैं। विभाग भी घटिया निर्माण की अनदेखी कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सभी 14 सड़कों के निर्माण की यही स्थिति है। इसके कारण जनमन योजना की ये सड़कें कब तक टिकेंगी, कह पाना मुश्किल है।

कलेक्टर बोले-कराएंगे जांच, नोटिस दिया

कलेक्टर अजीत बसंत ने पीएमजीएसवाई के ईई को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि यह मामला सामने आया है। संबंधित सब इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की जांच कराई जाएगी और किसी भी तरह का घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version