कोरबा में डिज्नीलैंड मेला में पति-पत्नी और उनके एक साथी के साथ कर्मचारियों ने जमकर मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मेला मैनेजर समेत तीन लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। यह मामला के मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, यह विवाद झूले में झूलने को लेकर हुआ था। पति-पत्नी अपने एक साथी के साथ कोरबा के डिज्नीलैंड मेले में गए थे।
टिकट को लेकर हुए विवाद के बाद मेले के कर्मचारियों ने तीनों के साथ मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई है।
डिज्नीलैंड के मैनेजर समसुद्दीन खान, आकाश झूला के मालिक राहुल कुमार पासवान और कर्मचारी आनंद कुमार पासवान के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है।
डिज्नीलैंड मेला में यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले कुछ साल पहले मेले में तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसकी जांच रिपोर्ट अभी तक लंबित है। एक अन्य घटना में झूला गिरने से कई लोग घायल हुए थे। इन लापरवाहियों के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा अब तक केवल खानापूर्ति की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाओं के बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, और हर बार जांच के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जाती है।