छत्तीसगढ़ के भिलाई के जुनवानी स्थित टीआई सूर्यामॉल में चल रही क्लब रियॉन्ट टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी के संचालक श्रीमंत राम खांडे और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि कंपनी ने 24 लोगों से 21 लाख की ठगी की गई है।
इसके अलावा रायपुर और बिलासपुर में भी लोगों को निशाना बनाया गया है। आरोप है कि कंपनी के कर्मचारियों और संचालक ने उन्हें होली-डे पैकेज की कई आकर्षक स्कीम बताईं। इसके बाद लोगों ने 5 साल का टूर पैकेज लिया, जिसकी कीमत 1 लाख 35 हजार रुपए थी।
कंपनी ने हर साल 5 ट्रिप कराने का वादा किया था। आरोप है कि कंपनी संचालक और उसके साथियों ने लोगों को सस्ते और अच्छे टूर पैकेज का लालच दिया। पैसे जमा कराने के बाद कंपनी का ऑफिस बंद कर दिया गया।
अब फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा है। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और दस्तावेजों के आधार पर जांच की जा रही है।
मॉल में शॉपिंग करने गई थी महिला
शिकायतकर्ता अंजु कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वे जुनवानी स्थित सूर्या रेसिडेंसी में रहती हैं। 26 जनवरी 2026 को वह अपने बेटे अमन कुमार के साथ टीआई सूर्यामॉल में शॉपिंग करने गई थीं।
इसी दौरान उन्हें CLUBRIONT टूर एंड ट्रेवल्स कंपनी के कर्मचारियों ने एक होली-डे वाउचर दिया। इसके बाद 31 जनवरी को उन्हें फोन कर बताया गया कि उनका गिफ्ट वाउचर निकला है और उन्हें कंपनी के ऑफिस बुलाया गया।
वहां कंपनी के कर्मचारियों ने उन्हें आकर्षक टूर पैकेज की जानकारी दी। अंजु कुमारी ने बताया कि उन्होंने पैकेज के लिए आईसीआईसीआई बैंक और एचडीएफसी बैंक खाते से यूपीआई के जरिए रकम जमा की थी।
लेकिन कुछ दिनों बाद जब वे पैकेज की जानकारी लेने ऑफिस पहुंचीं तो वहां ताला लगा मिला। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि कंपनी ऑफिस बंद कर फरार हो चुकी है।