धमतरी में बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एसिड का छिड़काव किया गया

Chhattisgarh Crimesधमतरी में बुधवार देर रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एसिड का छिड़काव किया गया। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक नाबालिग को रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में आठ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

यह घटना धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेश चौक के पास हुई। जानकारी के अनुसार, एक पक्ष के लोग आपसी विवाद के चलते दूसरे पक्ष के घर में जबरन घुस गए और मारपीट की। घर से बाहर निकलने के बाद, पहले पक्ष के एक व्यक्ति ने बर्तन साफ करने वाले एसिड का छिड़काव कर दिया।

एसिड से 5 लोग घायल,1 गंभीर को रायपुर रेफर किया गया

एसिड के छिड़काव से तीन लोग घायल हुए, जबकि मारपीट में दो अन्य लोग चोटिल हुए। कुल पांच घायलों में से कुछ को शुरुआती इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि कुछ का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायलों में एक नाबालिग भी शामिल है, जिसे गंभीर हालत में रायपुर रेफर किया गया है।

8 आरोपियों को हिरासत में लिया गया

मारपीट की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है। पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया है।