रायगढ़ जिले के जानकी होटल में अघोषित बार की तरह शराब की अवैध बिक्री की जा रही थी

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले के जानकी होटल में अघोषित बार की तरह शराब की अवैध बिक्री की जा रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और होटल के मैनेजर को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में शराब-बीयर की बोतलें जब्त की हैं। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि रामलीला मैदान रोड स्थित जानकी होटल में काउंटर पर रखकर अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी, जहां होटल का मैनेजर सुरेंद्र पटेल (निवासी कटनी, मध्यप्रदेश) मौके पर मौजूद मिला।

मौके से शराब और कैश बरामद

जांच के दौरान पुलिस को काउंटर पर रखे थैलों में अलग-अलग ब्रांड की 13 बीयर बोतलें और 6 बीयर केन मिली। इसके अलावा अलग-अलग ब्रांड की 4 शराब की बोतलें भी बरामद की गईं। पुलिस ने बिक्री से मिले 500 रुपए कैश भी जब्त किया है।

मैनेजर ने स्वीकार की अवैध बिक्री

पूछताछ के दौरान आरोपी सुरेंद्र पटेल ने स्वीकार किया कि वह कई सालों से होटल में मैनेजर के रूप में कार्यरत है और वह अवैध रूप से शराब की बिक्री भी कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

लंबे समय से चल रही थी अवैध बिक्री

स्थानीय लोगों के अनुसार जानकी होटल में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की जा रही थी। रात के समय यहां शराब खरीदने वालों की भीड़ भी देखी जाती थी, हालांकि पहले कार्रवाई नहीं हो सकी थी।

कोतवाली थाना क्षेत्र से कुछ ही दूरी पर यह होटल संचालित हो रहा था। इस बार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर शराब जब्त कर ली है।

SSP बोले- आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध शराब कारोबार, नशे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। जानकी होटल में हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version