छत्तीसगढ़ के भिलाई में जन्मदिन पार्टी के दौरान घर के सामने बीयर की बोतल टूटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के भिलाई में जन्मदिन पार्टी के दौरान घर के सामने बीयर की बोतल टूटने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है। बीजेपी के कैंप-1 मंडल कोषाध्यक्ष राजेश चौधरी ने टूटे कांच साफ करने कहा, तो विवाद हो गया।

दो तरफ से गाली-गलौज के बाद हाथ-मुक्कों और डंडे से एक-दूसरे को पीटा गया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। इस मारपीट मामले में समझौते की बात करने बुधवार देर रात दोनों पक्ष छावनी थाने पहुंचे थे, लेकिन राजेश चौधरी के साथ आए बीजेपी मंडल उपाध्यक्ष गुरुचरण बग्गा के गाली देने से माहौल और बिगड़ गया। जिससे जमकर हंगामा हुआ।

थाना परिसर में दोनों पक्ष के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। पुलिसकर्मियों के साथ भी झूमाझटकी हुई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग थाने के अंदर ही आपस में भिड़ गए। इस दौरान कुछ लोग टेबल-कुर्सियों पर चढ़कर वीडियो बनाते नजर आए।

देर रात थाना परिसर में धक्का-मुक्की

विवाद इतना बढ़ गया कि थाना परिसर में जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ भी झूमाझटकी हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग टेबल-कुर्सियों पर चढ़कर वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

पुलिसकर्मियों को भी भीड़ को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि जब थाने में हंगामा हो रहा था, उस समय थाना प्रभारी मौजूद नहीं थे। बाद में उनके पहुंचने पर दोनों पक्षों की शिकायत ली गई और देर रात एफआईआर दर्ज की गई।

बीयर की बोतल टूटने से शुरू हुआ विवाद

पहले पक्ष की ओर से दीपक पासी ने शिकायत में बताया कि, 20 मई को उसके दोस्त मनीष देवांगन का जन्मदिन था। पार्टी के दौरान वह बीयर लेने गया था। लौटते समय राजेश चौधरी के घर के सामने उसकी बाइक फिसल गई और बीयर की बोतल टूट गई।

दीपक का आरोप है कि इसी बात पर राजेश चौधरी और उसके भाई ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने आए उसके दोस्त सुजीत गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसके सिर और हाथ में चोट आई।

दूसरे पक्ष ने भी लगाया मारपीट का आरोप

वहीं दूसरे पक्ष की ओर से बीजेपी नेता और पूर्व सैनिक राजेश चौधरी ने भी शिकायत दर्ज कराई है। राजेश का कहना है कि पड़ोस में बर्थडे पार्टी के दौरान काफी शोर-शराबा हो रहा था। इसी दौरान दीपक पासी की बाइक उनके घर के सामने फिसल गई, जिससे बीयर की बोतल टूट गई।

राजेश के मुताबिक, जब उन्होंने वहां सफाई करने के लिए कहा तो दीपक गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। इसके बाद वह वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद अपने साथियों के साथ वापस लौटा और हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाइयों के साथ भी मारपीट की गई और कार का कांच तोड़ दिया गया।

CCTV में कैद हुई घटना

राजेश चौधरी ने बताया कि, पूरी घटना उनके घर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। मारपीट में उनके चेहरे और सीने में चोट आने की बात कही गई है। वहीं उनके भाइयों को भी चोटें आई हैं। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।