जशपुर जिले में 9वीं कक्षा की एक छात्रा ने सुसाइड कर लिया

Chhattisgarh Crimesजशपुर जिले में 9वीं कक्षा की एक छात्रा ने सुसाइड कर लिया। 23 नवंबर की शाम हॉस्टल के स्टडी रुम में छात्रा की लाश फंदे से लटकी मिली। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें नाबालिग ने स्कूल के प्राचार्य कुलदीप टोपनो पर बैड टच, सेक्सुअल हरासमेंट जैसे गंभीर आरोप लगाए है।

मामला बगीचा थाना क्षेत्र स्थित गोवासी गांव के सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल का है। नाबालिग ने साड़ी का फंदा बनाया था। इस पूरे मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दिए है और प्राचार्य को हिरासत में ले लिया है। वहीं, इस घटना के बाद ये भी पता चला है कि स्कूल परिसर में हॉस्टल का संचालन अवैध था।

स्कूल परिसर में ही संचालित था हॉस्टल

नौवीं कक्षा की छात्रा प्रज्ञा कौशिक, जो सीतापुर (जिला सरगुजा) की निवासी थी, उसने स्कूल परिसर के स्टडी रूम में साड़ी से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। स्कूल में ही हॉस्टल संचालित है। जहां के स्टडी रुम में छात्रा की लाश मिली है।

स्कूल के प्राचार्य पर सेक्सुअल हरासमेंट का आरोप

इस घटना से स्कूल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद किया। इस नोट में स्कूल के प्राचार्य कुलदीप टोपनो पर छेड़छाड़ और सेक्सुअल हरासमेंट संबंधी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त, एसडीएम, बीईओ, तहसीलदार, मंडल संयोजक, एसडीओपी और बगीचा थाना पुलिस की टीम तत्काल स्कूल परिसर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

छात्रावास का संचालन अवैध

जानकारी के अनुसार, स्कूल का संचालन ग्रामीण शिक्षा समिति द्वारा किया जा रहा था। इस समिति के अध्यक्ष इलियास कुजूर हैं, जबकि स्कूल के प्राचार्य कुलदीप टोपनो थे। सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल का पंजीकरण 1 जुलाई 1986 को हुआ था।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि स्कूल परिसर में छात्रावास का संचालन अवैध रूप से किया जा रहा था। हालांकि बच्चों को माता-पिता की सहमति से रखा गया था, लेकिन छात्रावास चलाने के लिए आवश्यक सरकारी अनुमति नहीं ली गई थी।

जांच पूरी होने के बाद सामने आएगा सच

बगीचा के एसडीएम प्रदीप राठिया ने बताया, नौवीं कक्षा की छात्रा द्वारा छात्रावास में आत्महत्या का मामला सामने आया है। पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा।

स्कूल के सभी दस्तावेज जप्त

सहायक आयुक्त संजय सिंह ने कहा सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल गोवासी में 6वीं से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित हैं। कुल 124 छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें से 22 छात्र और 11 छात्राएं स्कूल परिसर में अवैध रूप से संचालित हॉस्टल में रह रही थीं। स्कूल के सभी दस्तावेज जप्त कर लिए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी

घटना पर एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया निजी स्कूल के स्टडी रूम में नाबालिग छात्रा प्रज्ञा कौशिक, निवासी सीतापुर (सरगुजा) द्वारा आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस व एफएसएल टीम मौके पर पहुंची।

छात्रा के पास मिला सुसाइड नोट कथित रूप से स्कूल के प्रिंसिपल कुलदीप टोपनो द्वारा छेड़छाड़ और सेक्सुअल हरासमेंट की बात दर्शाता है। आरोपित प्राचार्य कुलदीप टोपनो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

Exit mobile version