जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड में पार्षद पद के लिए उपचुनाव के तहत मतदान जारी है। वार्ड के 1,542 मतदाता अपने नए पार्षद का चुनाव करेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक दो मतदान केंद्रों पर कराया जा रहा है। उपचुनाव में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
इंदिरा वार्ड में करीब 30 सालों तक कांग्रेस का वर्चस्व रहा है। कांग्रेस पार्षद के निधन के बाद यह उपचुनाव कराया जा रहा है। सीट पर कब्जा बनाए रखने और जीत हासिल करने के लिए भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। चुनाव प्रचार के दौरान तीनों दलों के प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा।
4 जून को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। उपचुनाव में भाजपा ने मनोहर दत्त तिवारी को मैदान में उतारा है, जिन्हें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का करीबी माना जाता है। वहीं कांग्रेस ने रामकृष्ण तिवारी को प्रत्याशी बनाया है, जबकि आम आदमी पार्टी की ओर से रुबीना कुरैशी चुनाव मैदान में हैं। तीनों उम्मीदवारों के बीच मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है।
कांग्रेस का गढ़ बचाने और भाजपा की सेंध लगाने की चुनौती
इंदिरा वार्ड का यह उपचुनाव राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह सीट कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद रहे अब्दुल रशीद के निधन के बाद खाली हुई है। अब्दुल रशीद लगातार चार बार पार्षद चुने गए थे। इससे पहले उनकी मां भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं। ऐसे में पिछले करीब 30 सालों से यह वार्ड कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है।
कांग्रेस जहां इस परंपरागत सीट को बचाने की कोशिश में जुटी हुई दिखी तो वहीं भाजपा ने इस बार कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाने के लिए पूरी ताकत लगाई है। आम आदमी पार्टी ने भी चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने की कोशिश की है।
क्या है दांव पर?
- कांग्रेस के सामने अपना परंपरागत गढ़ बचाने की चुनौती।
- भाजपा के लिए कांग्रेस के मजबूत वोट बैंक में सेंध लगाने का मौका।
- आम आदमी पार्टी भी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश में जुटी है।
- MLA BJP के हैं, नगर निगम में भाजपा की सरकार है। ऐसे में इस पार्षद सीट को जितना BJP के लिए साख की भी लड़ाई है।