छत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार को कूलर में करंट आने से 49 साल के संतोष कुमार यादव की मौत हो गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के भिलाई में सोमवार को कूलर में करंट आने से 49 साल के संतोष कुमार यादव की मौत हो गई। संतोष घर में कूलर चालू कर उसमें पानी भर रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना छावनी थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार यादव कैंप-1 स्थित त्रिदशेश्वर मंदिर के पास रहते थे। पानी भरने के दौरान वे करंट की चपेट में आ गए। रिश्तेदार फौरन स्विच बंद कर उन्हें कूलर से अलग किया और शास्त्री अस्पताल पहुंचाया।

जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कूलर में करंट कैसे आया और हादसे की असली वजह क्या थी।

मजदूरी करते थे संतोष

संतोष कुमार यादव मजदूरी का काम करते थे। परिचित शैलेंद्र कुमार साहू ने बताया कि संतोष अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटे हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं, बिजली विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग का कहना है कि गर्मी के दिनों में कूलर, पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों का उपयोग बढ़ जाता है।

ऐसे में इन उपकरणों की नियमित जांच कराना और उचित अर्थिंग सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि करंट लगने जैसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Exit mobile version