
वहीं जयभीम नगर, श्री शक्तिनगर, अवधपारा सहित अन्य कॉलोनियों और मोहल्लों के टेल एंड क्षेत्रों में भी पानी की आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है। सोमवार को इस समस्या को लेकर वार्डवासी जोन-8 कार्यालय और निगम मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
वार्ड पार्षद भगतराम हरवंश ने बताया कि गैस पाइपलाइन विस्तार कार्य के कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा कई मोहल्लों में लो प्रेशर की समस्या भी बनी हुई है। भीषण गर्मी को देखते हुए जलापूर्ति के लिए रोजाना टैंकर के 10 फेरे लगाए जा रहे हैं। हालांकि बाद में पानी की लाइन को सुधार लिया गया।
एकता नगर क्षेत्र में करीब 700 परिवार निवास करते हैं। यहां पिछले 10 दिनों से पेयजल संकट बना हुआ है। पानी की समस्या को लेकर वार्डवासी पहले जोन कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने आक्रोश जताते हुए अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग की। वार्डवासियों का कहना है कि इलाके में पहले से ही लो प्रेशर के कारण पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा था। अब बिना समुचित योजना के गैस पाइपलाइन के लिए खुदाई कर दी गई, जिससे पाइपलाइन में लीकेज हो गया। लीकेज का पता लगाने और उसे सुधारने में भी समय लग गया।
भीषण गर्मी के बीच इस लापरवाही से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। दूसरी ओर, वार्ड की पेयजल समस्या को लेकर वार्डवासी निगम मुख्यालय भी पहुंचे। यहां उन्होंने नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं और ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। इस दौरान लता यादव, राधा साहू, कमलावती, रिंकी शर्मा, प्रेमीन बाई, सुमन देवी, उषा सिंह, राजेश्वरी सिंह, रविंद्र कुमार साहू, योगेश्वर लहरे और आरती बाई सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इलाके में आबादी बढ़ने के साथ एक ही पाइपलाइन से जोड़ते गए नए कनेक्शन, अब चार मोहल्लों के टेल एंड लो प्रेशर से प्रभावित
पं. जवाहरलाल नेहरू वार्ड के एकता नगर क्षेत्र में पांच वर्ष पहले आबादी अपेक्षाकृत कम थी। समय के साथ यहां लगातार आबादी बढ़ी और नए नल कनेक्शनों की मांग भी बढ़ती गई। अधिकारियों ने एक ही पाइपलाइन से लगातार नए कनेक्शन जोड़ दिए, जिससे स्वाभाविक रूप से टेल एंड क्षेत्रों में लो प्रेशर की समस्या शुरू हो गई। यह समस्या पिछले तीन वर्षों से बनी हुई है। इसी दौरान क्षेत्र में ग्राउंड वाटर लेवल में भी गिरावट आई और पानी की मांग बढ़ती गई। जब जयभीम नगर, श्री शक्तिनगर और अवधपारा में भी लो प्रेशर की समस्या सामने आने लगी, तब निगम ने इसी पाइपलाइन से इन क्षेत्रों के कनेक्शन भी जोड़ दिए। इससे समस्या कम होने के बजाय बढ़ गई और अब वार्ड के चार इलाकों में लो प्रेशर की स्थिति बनी हुई है।