
आंधी-तूफान के कारण कई बिजली के खंभे और पेड़ टूट गए। जिससे वार्ड नंबर-7 (रानी दुर्गावती वार्ड) और वार्ड नंबर-8 (महात्मा गांधी वार्ड) में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। वार्डवासियों का कहना है कि दो दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण उन्हें खरीदकर पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने बताया कि, पहले सरकारी बोरिंग से पानी मिल जाता था, लेकिन नगर पालिका ने उसमें मोटर लगा दिया है। बिजली न होने के कारण अब यह मोटर काम नहीं कर रहा है। बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने से पिछले दो दिनों से बिजली भी गुल है। इन्हीं समस्याओं को लेकर वे सीएमओ से गुहार लगाने पहुंचे थे।
चैंबर में बैठकर रील्स देखने में व्यस्त थे सीएमओ
जब लगभग 50 से अधिक वार्डवासी नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे, तो सीएमओ अमृतलाल नागेश अपने चैंबर में सोफे पर बैठे रील्स देखने में व्यस्त थे। उन्होंने मिलने आए लोगों को वीडियो बनाने से भी मना किया। सीएमओ के मुलाकात न करने पर नाराज वार्डवासी निराश होकर अपने घरों को लौट गए। नगर पंचायत में 15 वार्ड हैं, लेकिन पानी की आपूर्ति के लिए केवल दो टैंकर उपलब्ध हैं।
दो पानी के टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा
इस संबंध में नगर पंचायत भैरमगढ़ के सीएमओ अमृतलाल नागेश ने भास्कर को बताया कि, आंधी-तूफान की वजह से बिजली के खंभे और पेड़ टूटकर गिरे हैं। उन्होंने कहा कि पानी की आपूर्ति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और उनके पास मौजूद दो पानी के टैंकरों से पानी पहुंचाया जा रहा है।