छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ ही रहेगा

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल बदला हुआ ही रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक, तेज हवाओं (50-60 किमी रफ्तार) और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

हालांकि, अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा उलटफेर दर्ज नहीं किया गया। इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ। वहीं, सुकमा जिले में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

इधर, दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार इलाके में चल रहे जात्रा (मेला) में मंगलवार शाम बिजली गिरने से 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। इनमें से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।