बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित मोहभट्ठा मेला परिसर में 11 केवी बिजली लाइन पर काम करते समय ठेका श्रमिक करंट लगने से झुलस गया

बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित मोहभट्ठा मेला परिसर में 11 केवी बिजली लाइन पर काम करते समय ठेका श्रमिक करंट लगने से झुलस गया। घटना के दौरान बिजली तारों में स्पार्क हुआ और श्रमिक तारों के बीच लटक गया।

साथियों ने तत्काल झुलसे श्रमिक को खंभे से नीचे उतारा। उसे गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, श्रमिक का लगभग 20 प्रतिशत शरीर झुलस गया है।

जानकारी के अनुसार, ठेका कंपनी की ओर से बिजली लाइन से जुड़े मरम्मत कार्य के लिए कर्मी को खंभे पर चढ़ाया गया था। आरोप है कि जिस 11 केवी लाइन पर काम चल रहा था, उसे पूरी तरह से शटडाउन नहीं किया गया था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने ठेका कंपनी पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कर्मी को मानक सुरक्षा किट, हेलमेट, इंसुलेटेड ग्लव्स, सेफ्टी बेल्ट और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। सुरक्षा संसाधनों के अभाव में उसे हाई वोल्टेज लाइन पर काम करने भेजा गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि बिजली लाइनों पर कार्य से पहले लाइन को पूरी तरह शटडाउन, अर्थिंग और सुरक्षा जांच अनिवार्य होती है। यदि इन प्रक्रियाओं का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेका कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Exit mobile version