रायपुर के गोबरा नवापारा में आयोजित सुशासन ‘तिहार शिविर’ में शिकायत मिलने पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रेंजर को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेंजर यहां क्यों नहीं है, शोकॉज नोटिस जारी करो और उसे सस्पेंड करो।
मामला कुलेश्वर महादेव शासकीय महाविद्यालय की बाउंड्री वॉल निर्माण में वन विभाग की आपत्ति और रेंजर की गैरमौजूदगी से जुड़ा था। शिविर के दौरान जब यह मामला सामने आया तो सांसद ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि जब शिविर में जनता की समस्याएं सुनने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों को मौजूद रहना है, जिम्मेदार अधिकारी का अनुपस्थित रहना लापरवाही है। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासन को संबंधित रेंजर के खिलाफ सस्पेंशन के निर्देश दिए।
शिविर में अलग-अलग विभागों से जुड़े आवेदन भी सामने आए। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविर में मिले आवेदनों का निराकरण 7 दिनों के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि तय समय में काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल जमीन के मामले में अधिकारियों को बुलाया
शिविर में हरिहर हाई स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण और नवापारा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आरक्षित भूमि से जुड़ा मामला भी उठा।
इसके बाद पटवारी, आरआई और तहसीलदार को मंच पर बुलाया गया। अधिकारियों को जमीन संबंधी लंबित मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
विकास कार्यों की भी घोषणा
कार्यक्रम के दौरान नवापारा नगर पालिका के नए भवन के लिए 2 करोड़ रुपए, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला में एक्स्ट्रा क्लास बनाने के लिए 10 लाख रुपए और महावीर बजरंग अखाड़ा के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की गई।