धमतरी जिले में गंगरेल बांध पर एक महिला द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। महिला अपनी 3 वर्षीय बेटी को पानी के किनारे छोड़कर बांध में कूद गई। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद बांध क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने महिला को डूबता देख तुरंत पानी में उतरकर उसे बाहर निकाला। सूचना मिलने पर वाटर एंबुलेंस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। बेहोशी की हालत में महिला को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।महिला की पहचान सतवंती बाई दुर्गेंद्र निर्मलकर (23) के रूप में हुई है। वह ग्राम पूरी की निवासी है और उसकी शादी नगरी ब्लॉक के सोनामगर गांव में हुई है। घटना के समय उसकी 3 वर्षीय बेटी भी उसके साथ थी, जिसे वह बांध किनारे छोड़कर पानी में कूद गई थी।
पति से विवाद और फोन कॉल से बढ़ा तनाव
महिला ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से पति के साथ विवाद के कारण अपनी बेटी के साथ मायके पक्ष के पास रह रही थी। उसके अनुसार, घटना से पहले पति का फोन आया था, जिसमें गाली-गलौज और धमकी दी गई और साथ रखने की बात कही थी।
महिला का आरोप है कि मायके पक्ष ने भी उसे अपने पास रखने से मना कर दिया था। इसके अलावा, मोबाइल पर लगातार अलग-अलग नंबरों से कॉल आने से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी। इसी तनाव में उसने यह कदम उठा लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि रुद्री थाना क्षेत्र अंतर्गत माता मंदिर के पीछे हनुमान मंदिर के पास एक महिला को डूबने से बचाए जाने की सूचना मिली थी। महिला को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, महिला के स्वस्थ होने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।