एमसीबी जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरौली में एक दर्दनाक हादसा हुआ है

Chhattisgarh Crimesमनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिरौली में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। ट्रैक्टर ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से चार वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि यह घटना ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के कारण हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर चालक उमेद सिंह मरकाम नदी से रेत लेने जा रहा था। उसने ट्रैक्टर पर चार बच्चों को बैठा रखा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और मनीष सारथी (4) वाहन से नीचे गिर गया। वह ट्रॉली के पहिए की चपेट में आ गया, जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई।

मृतक की पहचान ग्राम सिरौली निवासी प्रेमलाल सारथी के पुत्र मनीष सारथी (4) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक का माहौल छा गया।

मृतक के पिता प्रेमलाल सारथी ने सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में ट्रैक्टर चालक उमेद सिंह मरकाम के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

यह घटना भारी वाहनों पर बच्चों को बैठाकर ले जाने की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने इस मामले में दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।