नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले में बिलासपुर में NSUI के प्रदर्शन के बाद भिलाई विधायक देवेंद्र यादव एक नए विवाद में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक देवेंद्र यादव अपने हाथों से कुर्ता फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वहीं विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस ने कार्रवाई के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
इधर, प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय, जिला शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा समेत अन्य कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की है।
अब जानिए पूरा मामला
केंद्रीय मंत्री का निवास घेरने निकले थे प्रदर्शनकारी
दरअसल, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में बुधवार 3 जून को आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारी सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू के निवास का घेराव करने निकले थे।
पुलिस ने सांसद आवास से पहले ही बैरिकेडिंग कर दी थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।
देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया था
हंगामे के दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव का कुर्ता फट गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
इसके बाद जब प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। घटना में कई छात्र और कार्यकर्ता घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया।
धक्का–मुक्की में पुलिसकर्मियों का भी चोट आई- सीएसपी नितेश
पुलिस ने मौके से 12 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया था, जिन्हें बाद में मुचलके पर रिहा कर दिया गया था। पुलिस का दावा है कि प्रदर्शन के दौरान कई जवान भी घायल हुए। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह के मुताबिक धक्का-मुक्की में पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई।
इसी घटना के बाद विधायक देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया था कि पुलिस कार्रवाई के दौरान उनका कुर्ता फाड़ दिया गया।