कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारियों ने बाइक चोरी के एक आरोपी को तालिबानी सजा दी। युवक को अर्धनग्न कर बिजली पोल से बांधकर बेरहमी से पीटा गया है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना सिविल लाइन थाना इलाके की है।
मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा की जिम्मेदारी कामथेन कंपनी के पास है। घटना शुक्रवार रात में हुई जब ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल की बाइक अस्पताल परिसर से चोरी हो गई। रात करीब 11:45 बजे वाहन ड्राइवर उत्तम ने दो युवकों को बाइक धक्का देकर ले जाते देखा।
सूचना मिलने पर सुरक्षाकर्मियों ने उनका पीछा किया और कोसाबाड़ी चौक के पास पंप हाउस निवासी विशाल सागर नामक युवक को पकड़ लिया। नियमानुसार, आरोपी को 100 मीटर दूर स्थित सिविल लाइन थाने को सौंपना था। हालांकि, सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी उसे वापस अस्पताल परिसर ले आए।
वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और बाउंसरों ने युवक को उसकी ही शर्ट से बिजली खंभे से बांध दिया और जमकर पिटाई की। आरोपी लगातार माफी मांगता रहा, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी।
आरोपी को पकड़कर थाने ले गई पुलिस
कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के आधार पर पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची और आरोपी को थाने ले गई। अगले दिन सुरक्षाकर्मी राजेंद्र पटेल ने बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी विशाल सागर के खिलाफ कार्रवाई की है।
जानिए क्या बोले अधिकारी ?
मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. केके सहारे ने कहा कि, सुरक्षा एजेंसी को नियमानुसार काम करना चाहिए। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए एजेंसी को नोटिस जारी किया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने इस मामले पर कहा कि यदि आरोपी के साथ मारपीट की पुष्टि होती है, तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। आरोपी विशाल सागर ने पूछताछ में कई चोरियां कबूल की हैं। हालांकि, बाइक मालिक ने शिकायत दर्ज कराने में देरी की।