छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक पोल्ट्री फार्म में घुसकर तेंदुए ने 10 मुर्गियों का शिकार किया। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेंदुआ जबड़े में दबाकर मुर्गियों को ले जाता दिखाई दिया। घटना केरेगांव रेंज के ग्राम मोहलाई में स्थित निजी पोल्ट्री फार्म की है।
गुरुवार रात को तेंदुआ जाली तोड़कर फार्म के अंदर घुसा था। अंदर घुसते ही मुर्गियां फड़फड़ाने लगीं और इधर-उधर भागने लगीं। कुछ ही मिनटों में तेंदुए ने 10 मुर्गियों का शिकार किया। पोल्ट्री फार्म रिहायशी इलाके से 500 मीटर की दूरी पर है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों को भी पहुंचा सकता है नुकसान
जानकारी के अनुसार, जिस पोल्ट्री फार्म में तेंदुआ घुसा था वो रिहायशी इलाके से महज 500 से 700 मीटर की दूरी पर ही है। ऐसे में तेंदुआ गांव में घुसकर ग्रामीणों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। ग्राम मोहलाई जंगल से सटा हुआ है।
यहां आए दिन लकड़बग्घा, हिरण, चीतल जैसे वन्य जीव आते रहते हैं। बताया जा रहा है कि यह तीसरी बार है जब तेंदुआ आसपास के पोल्ट्री फार्म में घुसा है। लेकिन इससे पहले कभी मुर्गियों पर हमला नहीं किया था।
वन विभाग ने सतर्क रहने की सलाह दी
धमतरी वन मंडल के डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि मोहलई गांव के पोल्ट्री फार्म में तेंदुए के देखे जाने की सूचना मिली है। इससे पहले भी इस क्षेत्र में तेंदुआ आ चुका है। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है और ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दी जा रही है।
डीएफओ ने बताया कि पोल्ट्री फार्म में हुए नुकसान का आंकलन कर क्षतिपूर्ति प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावित संचालक को नियमानुसार सहायता मिल सके।