छत्तीसगढ़ के बेमेतरा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू आर्ट एंड साइंस पीजी कॉलेज के स्टूडेंट्स ने सोमवार को एटीकेटी, रिजल्ट और स्कॉलरशिप से जुड़ी समस्याओं को लेकर कॉलेज गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बेमेतरा स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू आर्ट एंड साइंस पीजी कॉलेज के स्टूडेंट्स ने सोमवार को एटीकेटी, रिजल्ट और स्कॉलरशिप से जुड़ी समस्याओं को लेकर कॉलेज गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम भी किया।

प्रदर्शन के कारण करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्टूडेंट्स को समझाइश दी। इसके बाद स्टूडेंट्स ने प्रदर्शन खत्म किया।

इस प्रदर्शन को ABVP का भी समर्थन मिला। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि स्टूडेंट्स की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वह छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर आंदोलन को और उग्र करेगी।

इधर, शासकीय श्यामलाल चंद्राकर महाविद्यालय नवागढ़ के बीएससी थर्ड सेमेस्टर के स्टूडेंट्स ने रिज्लट में कथित त्रुटियों को लेकर हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग में शिकायत दर्ज कराई है। छात्रों का आरोप है कि परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को गलत तरीके से एटीकेटी (ATKT) दर्शाया गया है।

कॉलेज गेट बंद कर हाईवे पर बैठे स्टूडेंट्स

प्रदर्शनकारी ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया और हाईवे पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी। छात्रों के समर्थन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के चलते ट्रक, बसें और अन्य भारी वाहन लंबे समय तक फंसे रहे।

छात्रों का आरोप है कि कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर एटीकेटी, असाइनमेंट, सेमेस्टर परीक्षाओं, छात्रवृत्ति फॉर्म और परीक्षा परिणामों से जुड़ी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। उनका कहना है कि अलग-अलग शैक्षणिक प्रक्रियाओं के नाम पर विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।