कबीरधाम पुलिस ने जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकबीरधाम पुलिस ने जिले में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। बोड़ला थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने ग्राम खैरबनाखुर्द में संचालित एक जुआ फड़ पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 92 हजार 260 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खैरबनाखुर्द में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर 52 पत्ती ताश से रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर मौके पर छापा मारा।

ताश पर लग रहे थे हार-जीत के दांव

दबिश के दौरान 10 व्यक्ति ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाते हुए पाए गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की।

कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 21 हजार 260 रुपये नकद, सात एंड्रॉइड मोबाइल फोन, एक कीपैड मोबाइल फोन तथा 52 पत्ती ताश की गड्डी बरामद की गई। जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 92 हजार 260 रुपये बताई गई है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों में सुभाष मानिकपुरी (40), अमरदास मोहले (34), भागीरथी लांझी (40), नारायण तिलकवार (43), दीनू पटेल (46), अमन वर्मा (23), प्रेमचंद पटेल (26), संजय पटेल (33), कोदाराम पटेल (58) और सोनू मिरी (21) शामिल हैं।

अवैध गतिविधियों पर जारी रहेगा अभियान

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।