बिलासपुर जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 वाहन और मशीनें जब्त की

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 वाहन और मशीनें जब्त की हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए अभियान में ट्रैक्टर-ट्रॉली, हाइवा, ट्रेलर और जेसीबी मशीनों को कब्जे में लिया गया।

वहीं, कोयले की गुणवत्ता में गड़बड़ी और भंडारण नियमों के उल्लंघन के आरोप में एक कोयला डिपो को भी सील कर दिया गया।

खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने गतौरी स्थित बालाजी कोल ट्रेडिंग एंड कंस्ट्रक्शन के अस्थायी भंडारण अनुज्ञा की जांच की। निरीक्षण के दौरान कोयले की गुणवत्ता में मिलावट और भंडारण संबंधी शर्तों के उल्लंघन की शिकायत सही पाई गई।

अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने डिपो को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके से एक ट्रेलर वाहन और एक जेसीबी मशीन भी जब्त की गई, जिन्हें कोनी थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

कई क्षेत्रों में चला जांच अभियान

खनिज विभाग की टीम ने 11 और 12 जून को सकरी, कोटा, विजयपुर, दर्री और तखतपुर क्षेत्रों में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान दर्री-विजयपुर क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते एक हाइवा वाहन पकड़ा गया।

इसके अलावा रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे दो अन्य हाइवा वाहनों को भी जब्त किया गया। विभाग ने सभी मामलों में खनिज नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

अरपा नदी क्षेत्र से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की सीमा से लगे खोंगसरा क्षेत्र में बिलासपुर और जीपीएम जिले के खनिज अमले ने संयुक्त जांच की। जांच के दौरान अरपा नदी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त कर लिया।