
कांग्रेस ने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, केरल के मंत्री एमबी राजेश ने इस मॉब लिंचिंग की निंदा करते हुए कहा कि, 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 4 RSS परिवार के कार्यकर्ता हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए मंत्री ने कहा कि, वो पूरे देश में संघ परिवार की तरफ से फैलाई गई नफरत की राजनीति का शिकार हुआ है। उसे बांग्लादेशी होने के आरोप में मॉब लिंचिंग का शिकार बनाया गया। एक आरोपी CPIM नेता की हत्या की कोशिश भी शामिल है। एमबी राजेश ने ये बातें न्यूज एजेंसी ANI से कही है।
मंत्री को घटना की जानकारी तक नहीं, यह दुर्भाग्यजनक- कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, केरल में छत्तीसगढ़ के मजदूर राम नारायण बघेल को बांग्लादेशी समझकर भीड़ ने पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। राम नारायण अपने परिवार की आजीविका के लिए केरल गया था, लेकिन उसी देश में उसकी जान चली गई। कांग्रेस का आरोप है कि देश में फैलाई जा रही नफरत का नतीजा ऐसी घटनाओं के रूप में सामने आ रहा है।
उन्होंने कहा कि, इससे भी दुर्भाग्यजनक यह है कि छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री को इस घटना की जानकारी तक नहीं है। सरकार ने अब तक न तो इस मामले को गंभीरता से लिया है और न ही केरल सरकार से कोई औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई है। कांग्रेस ने मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले, दोषियों को सजा दी जाए। परिवार के भरण-पोषण के लिए एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, 17 दिसंबर को अट्टापल्लम इलाके में स्थानीय लोगों ने छत्तीसगढ़ के सक्ती निवासी राम नारायण बघेल (31) को चोरी के शक में पकड़ा। उसकी बेरहमी से पिटाई की। पुलिस के मुताबिक, राम नारायण नशे की हालत में थे, लेकिन उनके पास से चोरी का कोई सबूत नहीं मिला था।
पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर हितेश शंकर ने बताया था कि, शरीर का कोई भी हिस्सा बिना चोट के नहीं था। राम नारायण के शरीर पर 80 से ज्यादा चोटों के निशान थे। सिर में गंभीर चोटों के साथ खून ज्यादा बह गया, जिससे राम नारायण की मौत हो गई।
केरल पुलिस के मुताबिक, मजदूर के शरीर पर चोट के बहुत ज्यादा निशान थे। दर्द से उसकी मौत हुई है। मारपीट में मजदूर की छाती से खून भी बह रहा था। शरीर में कई घाव बन गए थे। वालैयार थाने में अपराध क्रमांक 975/2025, धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
परिवार को नहीं दी गई थी मौत की जानकारी
राम नारायण के चचेरे भाई शशिकांत बघेल ने बताया था कि परिवार को उनकी मौत की जानकारी नहीं दी गई थी। पुलिस ने सिर्फ यह कहा कि राम नारायण थाने में हैं और तुरंत पहुंचने को कहा। बाद में पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। राम नारायण के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 8 और 10 साल है।
मृतक के परिजनों ने केरल सरकार या पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक मुआवजे की घोषणा न होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सरकार से तत्काल मुआवजा देने, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने और रामनारायण के शव को उसके पैतृक गांव तक पहुंचाने की मांग की है।