जांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय केबल तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा पुलिस ने अंतरराज्यीय केबल तार चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल और अकलतरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 12 टन चोरी का केबल जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये है।

जब्त की गई संपत्ति में चोरी में इस्तेमाल किए गए गैस कटर, वायर कटर, एक कंटेनर ट्रक, बोलेरो नियो वाहन और दो मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इन सभी की कुल कीमत 1 करोड़ 11 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए केबल तार को राज्य से बाहर बेचने की फिराक में थे, लेकिन उन्हें समय रहते पकड़ा गया।

लगातार मिल रही थी केबल चोरी की शिकायतें

पिछले कुछ समय से जिले के विभिन्न थानों में केबल और बिजली तार चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। थाना अकलतरा में अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में साइबर सेल और अकलतरा थाना पुलिस के सदस्य शामिल थे, जिन्होंने मुखबिरों को सक्रिय किया।

चोरी का केबल कंटेनर में दूसरे राज्य ले जा रहे थे

23 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में चोरी का बिजली केबल लोड कर दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला जेल के पीछे शासकीय स्कूल के पास मुख्य मार्ग पर वाहन को रोका। जांच के दौरान कंटेनर से भारी मात्रा में केबल, गैस कटर और सिलेंडर बरामद किए गए।

पूछताछ में वाहन चालक फिरोज खान ने बताया कि केबल नैला निवासी आसिफ रजा के गोदाम से लोड कर दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गोदाम में छापा मारा और बड़ी मात्रा में चोरी का केबल जब्त किया। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना अकलतरा में वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार 11 आरोपियों के नाम

आसिफ रजा (24 वर्ष), लव डोंगरे (22 वर्ष), फिरोज खान (40 वर्ष), मुकेश कुमार यादव (21 वर्ष), राहुल सोनी (27 वर्ष), राहुल कारके (19 वर्ष), अभिषेक यादव (25 वर्ष), सुमित (18 वर्ष), राकेश सूर्यवंशी (19 वर्ष), विश्वनाथ सोनी (19 वर्ष), रवि कुमार कश्यप (20 वर्ष)।

Exit mobile version