मिथुन चक्रवर्ती के शो के ऑडिशन राउंड में सिलेक्ट हुए छत्तीसगढ़िया माइकल जैक्सन फूलचंद

Chhattisgarh Crimes

जांजगीर। छत्तीसगढ़ के देसी माइकल जैक्सन के नाम से फेमस हो चुके फूलचंद मंझवार जल्द ही छोटे पर्दे पर जलवे बिखेरते दिखाई देंगे। रियलिटी शो ‘हुनरबाज देश की शान’ के वह ऑडिशन राउंड में सिलेक्ट हो चुके हैं। इस शो के होस्ट अपने जमाने के मशहूर डांसर और एक्टर मिथुन चक्रवर्ती हैं। जांजगीर के गोदना गांव में रहने वाले 40 साल के बिजली मिस्त्री फूलचंद अपने डांस मूव्स के चलते रातों-रात सोशल मीडिया सेंसेशन बन चुके हैं।

सोशल मीडिया पर धूम मचाने के बाद फूलचंद ने मुंबई का रुख किया है। वह एक चैनल पर प्रसारित होने वाले रियलिटी शो का हिस्सा बनेंगे। इसमें देश के अलग-अलग इलाकों से आए लोगों को अपना हुनर दिखाने का मौका मिलता है। शो की कैच लाइन ही है, ‘न पैसा, न सही उम्र, एक हुनरबाज बनने के लिए आपको चाहिए सिर्फ हिम्मत और हुनर’। उनके साथी संतोष कुमार ने बताया कि फूलचंद अब दूसरे राउंड की तैयारी पूरी मेहनत से कर रहे हैं।

माइकल जैक्सन को मानते हैं गुरु, एकलव्य की तरह ली शिक्षा

फूलचंद ने बचपन में कहीं माइकल जैक्शन का डांस टीवी पर देखा था, तभी से जैक्सन को गुरु और खुद को एकलव्य की तरह शिष्य मानकर डांस कर रहे हैं। वह बचपन में गांव के आसपास होने वाले डांस प्रतियोगिताओं में जाकर अपना हुनर दिखाते थे। फूलचंद 5वीं तक पढ़ाई की, लेकिन फिर घर की जिम्मेदारियों के चलते मिस्त्री का काम करने लगे। इसके चलते डांस कहीं छूट गया। त्योहार के मौके पर गणेश और दुर्गा की प्रतिमाएं बनाने का काम भी करने लगे।

गणेश विसर्जन के दौरान डांस ने बनाया सोशल मीडिया स्टार

करीब दो महीने पहले गांव में गणेश विसर्जन के मौके पर फूलचंद ने सड़क पर डांस किया था। गांव के बच्चों की जिद की वजह से तकरीबन 10 साल बाद वो लोगों के बीच इस कदर नाचे। इसी दौरान किसी ने मोबाइल से फूलचंद के डांस स्टेप रिकॉर्ड कर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। इसके बाद फूलचंद सोशल मीडिया स्टार बन गए। वीडियो वायरल होने के बाद आसपास के गांव के लोग मिलने और तस्वीरें खिंचवाने आने लगे।