छत्तीसगढ़ की बेटी प्रीति साय जल्द ही विद्या बालन स्टारर मूवी शेरनी में दिखाई देंगी

Chhattisgarh Crimes

​​​​​​​बलरामपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी प्रीति साय जल्द ही विद्या बालन स्टारर मूवी शेरनी में उनके साथ दिखाई देंगी। इस फिल्म में विद्या जहां फॉरेस्ट ऑफिसर बनी हैं, वहीं प्रीति ने ट्रेंकुलाइजर एक्सपर्ट का किरदार निभाया है। मूवी ‘शेरनी’ ओटीटी प्लेटफाॅर्म ​​​पर 18 जून को रिलीज होने वाली है। प्रीति इससे पहले भी कई TV सीरियल्स में काम कर चुकी हैं। बलरामपुर जिले की छोटी सी जगह कुसमी से मुंबई पहुंचने के अपने रोचक सफर को प्रीति ने दैनिक भास्कर से शेयर किया।

प्रीति बताती हैं, मैंने तो कभी भी नहीं सोचा था कि कभी एक्टिंग में आऊंगी। पापा डॉक्टर हैं। इसलिए लगा था कि डॉक्टर बन जाऊंगी, पर एक डिसीजन ने लाइफ बदल दी। अंबिकापुर के साई बाबा आदर्श कॉलेज से ग्रेजुएशन करने के बाद एयर होस्टेस की ट्रेनिंग ली। यही लाइफ का टर्निंग प्वॉइंट था। प्रीति कहती हैं कि वह बिना घर में किसी को बताए ही मुंबई चली गईं और कई सीरियल्स में काम करने के बाद घर वालों को सरप्राइज दिया।

“लगन मोर सजन” और प्रीति

प्रीति बताती हैं कि ट्रेनिंग के समय रायपुर में रहती थी। इस बीच एक छत्तीसगढ़ी फिल्म “लगन मोर सजन” में आवाज देने का मौका मिला। फिल्म के डायरेक्टर वैभव अंबस्ट थे। उन्होंने ही मुंबई जाने की सलाह दी। मुंबई पहुंची तो एहसास हुआ कि मेरी रुचि एक्टिंग में ज्यादा है। यहां सफर आसान नहीं था। कुछ दोस्त थे, जिसके कारण मुझे एक कास्टिंग डायरेक्टर के साथ काम करने का मौका मिला। इसके बाद स्टार प्लस पर प्रसारित होने वाले दुर्गा सीरियल में असिस्टेंट कास्टिंग डायरेक्टर के रूप में काम मिला।

बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला

प्रीति 2016 में मुंबई गई थीं। इस बीच साल 2018 तक वह कई सीरियल में काम कर चुकी थीं। लोगों ने उन्हें कुमकुम भाग्य, संतोषी मां समेत अन्य टीवी सोप में देखा। इसके बाद साल 2018 में ही उनके हिस्से आई एक मूवी कलर्स ऑफ कंसाइंस। इस फिल्म में उनके किए अभिनय ने आगे के रास्ते खोल दिए। इस मूवी के लिए उनको झारखंड फिल्म महोत्सव में बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। प्रीति ने बताया इसी फिल्म के कारण उन्हें ‘शेरनी’ मिली है।

नर्वस थी पर सबने सपोर्ट किया

प्रीति ने बताया कि पहले मैं नर्वस थी कि कैसे इतने बड़े एक्टर्स के साथ काम करूंगी। लेकिन सभी ने मुझे काफी सपोर्ट किया, लगा ही नहीं कि इतने बड़े लोगों के साथ काम कर रही। सबके साथ काम करके बहुत अच्छा लगा। प्रीति ने बताया कि शेरनी के अलावा उन्होंने एक और फिल्म की है, जिसका नाम बैलाडीला है। इस फिल्म को भी बस्तर में ही शूट किया गया है। बैलाडीला दंतेवाड़ा जिले का एक स्थान है।

शेरनी में विद्या का अलावा, विजय राज, नीरज कबी, शरत सक्सेना जैसे स्टार नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अमित.वी मसुर्कर ने किया है। अमित ने इससे पहले न्यूटन को भी डायरेक्ट किया था। न्यूटन ऑस्कर के लिए नामित की गई थी। न्यूटन एक शख्स पर आधारित कहानी है, जिसकी ड्यूटी में बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में चुनाव कराने के लिए लगाई जाती है। न्यूटन फिल्म में दिखाया गया था कैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चुनाव कराना बेहद कठिन होता है।