लैलूंगा में मुख्यमंत्री का रोड शो : राजपुर में स्कूल, अस्पताल और इनडोर स्टेडियम की घोषणा

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। भेंट-मुलाकात के लिए रायगढ़ जिले में पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार शाम लैलूंगा में रोड शो किया। यहां पीएनबी चौक से रेस्ट हाउस तक लोगों की भीड़ उमड़ी। मुख्यमंत्री गाड़ी से निकलकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। बाद में वे गाड़ी से उतरकर पैदल ही लोगों के साथ चलने लगे। सड़क किनारे की छतों से महिलाओं ने फूलों की वर्षा की। रास्ते में जगह-जगह पर सामाजिक-कारोबारी संगठनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

सोमवार शाम लैलूंगा में हुए रोड शो में मुख्यमंत्री ने कुछ इस तरह जनता का अभिवादन किया। - Dainik Bhaskar

इससे पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के राजपुर गांव में चौपाल लगाई। यहां उन्होंने कदम्ब का पौधा लगाकर छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा-अर्चना की। स्थानीय महिलाओं के हाथ से कांसा घास और धान की बाली से बना हैट पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने साड़ी देकर यह हैट बनाने वाली महिलाओं को किया सम्मानित किया। इस दौरान दसवीं बोर्ड परीक्षा में स्टेट टापर्स को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल लैलूंगा की मुस्कान अग्रवाल ने पूरे राज्य में तीसरा और यहीं के छात्र मयंक गोयल ने पांचवां स्थान हासिल किया था। मुख्यमंत्री ने टॉपर्स के साथ सेल्फी भी ली। भेंट मुलाकात में लाखो बाई नाम की महिला को मुख्यमंत्री ने अपने बगल में बिठाया। वहीं सोनम नाम की स्कूली छात्रा को भी अपने बगल में बिठाकर उससे बात की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजपुर में जनता से बातचीत के बाद दर्जन भर घोषणाएं की। इसमें अस्पताल, स्कूल भवन, सड़क और इनडोर स्टेडियम का निर्माण जैसी बातें शामिल थीं। मुख्यमंत्री 14 सितम्बर तक रायगढ़ जिले में ही रहने वाले हैं।

जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर लोगों से मिलने पहुंचे

मुख्यमंत्री ने राजपुर के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहां चल रही भागवत कथा में भी पहुंचे।

तय कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर राजपुर गांव में उतरा। वहां क्षेत्रीय विधायक चक्रधर सिंह सिदार और अफसरों ने स्वागत किया। वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और नर्तक दल भी पहुंचे थे। पारंपरिक स्वागत के बाद मुख्यमंत्री हेलीपैड से पैदल ही श्री जगन्नाथ मंदिर के लिए रवाना हो गए। गांव के रास्ते में द्वार-द्वार पर महिलाओं ने अपने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उनको तिलक लगाकर आरती उतारी। महिलाओं ने मुख्यमंत्री का घर के वरिष्ठ की तरह अभिवादन किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए राजपुर गांव में रास्ते के प्रत्येक घर के सामने चौक पूरा गया था।

राजपुर में मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं की हैं

  • प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा।
  • ग्राम बसंतपुर और घटगांव में नये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना की जाएगी।
  • लैलूंगा से पोतरा मार्ग में खारुन नदी पर नई पुलिया का निर्माण किया जाएगा।
  • कटंगपारा से सलिहापारा पहुंच मार्ग पर खारुन नदी में नई पुलिया बनेगी।
  • लैलूंगा के शासकीय गहिरा गुरू रामेश्वर कॉलेज में नये कमरों का निर्माण किया जाएगा। हर संकाय में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
  • लैलूंगा में नये इन्डोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
  • हायर सेकण्डरी व हाईस्कूल राजपुर का नामकरण दानदाता रूपधर बेहरा के नाम पर किया जाएगा। इस स्कूल के लिए बेहरा परिवार ने 6 एकड़ जमीन दी थी। उसमें यह स्कूल 1986 से चल रहा है।

मंत्री उमेश पटेल के घर भी जाएंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 13 सितम्बर को लैलूंगा से रवाना होकर खरसिया विधानसभा के कुंजेमुरा जाएंगे। वहां पैदल जनसंपर्क के बाद चौपाल में जनता से भेंट करेंगे। कुंजेमुरा से वे ग्राम चपले पहुंचेंगे। यहां से मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल के गांव नंदेली भी जाएंगे। शाम को खरसिया में रोड शो होगा। 14 सितंबर को खरसिया में समीक्षा बैठक के बाद सीएम का काफिला धरमजयगढ़ विधानसभा के गांवों में पहुंचेगा।

अब तक 28 विधानसभाओं में लग चुकी चौपाल

स्कूली छात्राओं से मुख्यमंत्री ने चौपाल में ही संवाद किया।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भेंट-मुलाकात कार्यक्रम इस साल 4 मई से शुरू हुआ था। विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने से पहले तक मुख्यमंत्री 15 जिलों के 27 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी चौपाल लगा चुके थे। इसमें बस्तर संभाग के 12 और सरगुजा संभाग की 14 विधानसभा क्षेत्र के अलावा बिलासपुर संभाग के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की मरवाही विधानसभा का दौरा पूरा हो चुका है। बरसात की वजह से आयोजन को स्थगित किया गया था। बाद में एक सितम्बर को मुख्यमंत्री रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। अब रायगढ़ के बचे हुए तीन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा होगा।