रायपुर में बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जमकर झूमाझटकी

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने के बाद बवाल रायपुर में नजर आया। भाजपा कार्यालय पहुंचकर कांग्रेसी नेताओं ने हंगामा कर दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के पोस्टर पर कालिख फेंकी, पुतला भी फूंका। वहीं इस हंगामे के बाद भाजपा कार्यकर्ता भी कांग्रेस दफ्तर के बाहर पहुंच गए। वहां उन्होंने जमकर हंगामा किया है। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर पथराव कर दिया। अंडे भी फेंके हैं।

Chhattisgarh Crimes

पथराव में बीजेपी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष गोविंदा गुप्ता घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में जमकर झूमाझटकी हुई है। भाजपाईयों ने कांग्रेस दफ्तर में कालिक फेंकी है।

इसके पहले कांग्रेसी भाजपा कार्यालय के भीतर घुसने का प्रयास करने लगे। नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाने लगे। यह देखकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भड़क गए। भाजपा कार्यकर्ता भी झंडा लेकर सड़क पर आ गया और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।

भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता करीब आधे घंटे तक एक दूसरे के साथ धक्का-मुक्की करते रहे, बवाल बढ़ता गया। मौके पर पुलिस भी मौजूद नहीं थी। पास के थाने के 1 -2 कर्मचारी पहुंचे। इसके बाद हंगामा बढ़ता देख एक बस भरकर फोर्स के जवान बुलाए गए।

भारतीय जनता पार्टी के नेता अनुराग अग्रवाल ने बताया कि कांग्रेस के गुंडे भाजपा कार्यालय में घुसकर हमला करना चाहते थे। हमने बड़ी मुश्किल से उन्हें रोका कानून व्यवस्था का हाल बुरा है। अब यह हालात बन रहे हैं कांग्रेसियों की गुंडागर्दी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इसका जवाब भारतीय जनता पार्टी देगी।

बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कांग्रेस भवन में मौजू्द हैं। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन में घु्सने की धमकी दी है।

हालात बिगड़ने के बाद एडिशनल एसपी अभिषेक माहेश्वरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अतिरिक्त बल की तैनाती की है और माहौल को शांत कराने का प्रयास किया। भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहमागहमी अभी भी बनी हुई है।

भाजपा कार्यालय में हुए हंगामे के बाद विवाद बढ़ता देख पुलिस के अतिरिक्त बल की तैनाती कांग्रेस भवन के बाहर भी कर दी गई थी। कांग्रेसी कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में राजीव भवन पहुंचने लगे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस भवन जाकर हंगामा करने की धमकी दी थी।

इसके बाद भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के बाहर पहुंच गए। उन्हें पुलिस ने रोकने काफी प्रयास किया। मगर वे नहीं माने और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच पथराव भी हुआ है। पुलिस कार्यकर्ताओं को किसी तरह से समझाने में लगी है।