सूरजपुर में छुईमिट्टी की खदान धंसी, दो ग्रामीण दबे : एक युवक की मौत

Chhattisgarh Crimes

सूरजपुर। सूरजपुर जिले के ओड़गी ब्लॉक अंतर्गत लांजित में शुक्रवार को छुई मिट्टी निकालने के दौरान खदान के ढह जाने से एक युवक एवं एक महिला मिट््टी के ढेर में दब गए। घटना की सूचना पर प्रशासनिक अमला मौके पर जेसीबी लेकर पहुंचा। एक युवक को मिट्टी के ढेर से निकाला गया, जिसकी मौत हो गई। घायल को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ओड़गी विकासखंड के लांजित निवासी पांच लोग शुक्रवार को गांव के बाहर गौठान के पास जंगल से लगे छुई खदान में छुई मिट्टी निकालने के लिए सुबह 10 बजे गए थे। छुई मिट्टी खदान से लगातार छुई मिट्टी निकालने के कारण सुरंग बन गई है। सुरंग के अंदर राजमन कुर्रे (30), सुमित्रा गुर्जर पति सुखेंद्र गुर्जर (28) घुसकर छुई मिट््टी निकाल रहे थे। साथ गए अन्य लोग खदान से मिट्टी लेकर बाहर आ गए थे।

छुई मिट्टी की खदान अचानक धंस जाने से रामजन कुर्रे, सुमित्रा गुर्जर दब गए। हादसे से हड़कंप की स्थिति बन गई। खदान के उपरी हिस्से की मिट्टी के साथ पत्थर भी दब गए थे। मार्ग बंद हो जाने के कारण घायलों को नहीं निकाला जा सका। सूचना पर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

ग्रामीणों की मदद से घायल सुमित्रा के बाहर निकाल ओड़गी अस्पताल भेजा गया। वहीं अंदर फंसे युवक राजमन को जेसीबी से बाहर की मिट्टी निकालने के बाद ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया एवं ओड़गी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ओड़गी स्वास्थ्य केंद्र में गंभीर चोट के कारण सुमित्रा गुर्जर को उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। उसके शरीर के बाएं हिस्से में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। हादसे में मृत युवक राजमन कुर्रे के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

15 फुट तक बनी है सुरंग

लांजित में जहां छुईमिट्टी निकाली जाती है, वहां करीब 15 फुट तक सुरंग बन गई है। इस सुरंग में घुसकर ग्रामीण छुई मिट्टी निकालते हैं। आज भी ग्रामीण छुई मिट्टी निकालने पहुंचे थे। बताया गया है कि क्षेत्र में दो दिनों तक हुई जोरदार बारिश के कारण छुईमिट्टी की खदान गिली थी, जिसके कारण खदान धंस गई।

Exit mobile version