
शुरुआत में निवेश पर मुनाफा भी दिया, लेकिन जब महिला ने बड़ी रकम लगा दी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने में टालमटोल शुरू कर दी। महिला का 4.63 लाख रुपए किराया भी बकाया है। ग्रीन विले सिटी, बोरियाकला निवासी ज्योति सोनी की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
इंस्टाग्राम विज्ञापन से शुरू हुआ संपर्क
शिकायत के मुताबिक, मार्च 2026 में इंस्टाग्राम पर ऋतिक अग्रवाल और अर्जुन अरोरा एवेना नाम से संपत्ति किराये पर लेने और ऑनलाइन संचालन का विज्ञापन चला रहे थे। इसी विज्ञापन के जरिए ज्योति सोनी का संपर्क कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल से हुआ। उसने महिला की संपत्ति किराये पर लेकर नियमित भुगतान करने का भरोसा दिलाया।
शुरुआती दो महीने तक किराया समय पर दिया गया। इससे महिला को कंपनी पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने मकान मालिक को किराया देने के साथ निवेश से अतिरिक्त कमाई का प्रस्ताव भी रखा।
दूसरे शहरों में मकान लेने के नाम पर मांगे रुपए
कंपनी के प्रतिनिधियों ने महिला को बताया कि भोपाल समेत दूसरे शहरों में मकान किराये पर लेने के लिए उनके मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देना पड़ता है। कंपनी इस काम के लिए निवेश लेती है और निवेशकों को नियमित लाभ देती है।
इस भरोसे में महिला ने 8 मई को 50 हजार, 11 मई को 4.50 लाख और 15 जून को 5 लाख रुपए बैंक के जरिए जमा किए। शुरुआती निवेश 10 लाख रुपए था। शिकायत में बताया गया है कि मई, जून और जुलाई में निवेश पर लाभ की रकम भी दी गई।
छह शहरों में संपत्ति मिलने का दिया झांसा
शुरुआती निवेश के बाद आरोपियों ने महिला को बताया कि भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में नई संपत्तियां किराये पर लेने का काम मिल रहा है। इसके लिए और रकम की जरूरत बताई गई।
महिला को निवेश के बदले लिखित समझौता और सुरक्षा चेक देने का भरोसा दिलाया गया। इसके बाद महिला ने अलग-अलग तारीखों में 18.55 लाख रुपए और जमा कर दिए। इस तरह कुल रकम 28.55 लाख रुपए हो गई।
अलग-अलग नाम से बात करने का आरोप
महिला का आरोप है कि उनसे अजय अग्रवाल के नाम से बातचीत करने वाला व्यक्ति वास्तव में कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल है। इसी तरह आर्यन नाम से संपर्क करने वाला व्यक्ति अर्जुन अरोरा बताया गया है।
जब महिला ने निवेश का लिखित समझौता और सुरक्षा चेक मांगे तो कंपनी के प्रतिनिधि टालमटोल करने लगे। महिला ने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई तो पता चला कि जिन मकान मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने के नाम पर निवेश लिया गया था, उन्हें कथित तौर पर रकम दी ही नहीं गई। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। मुजगहन थाना पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।