सीएम भूपेश बघेल ने बच्चों के साथ सॉफ्टबॉल, तीरंदाजी, कबड्डी, बॉलीबॉल सहित कई खेलों का लिया आनंद

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बीजापुर में सॉफ्टबॉल, तीरंदाजी, कबड्डी, बैडमिंटन, बॉलीबाल सहित कई खेलों का आनंद लिया। उन्होंने यहां लोहा पहाड़ी के सौन्दर्यीकरण के बाद खेल और मनोरंजन संबंधी गतिविधियों का शुभारंभ करते हुए स्थानीय बच्चों के साथ खेलों का जमकर आनंद लिया। मुख्यमंत्री सॉफ्टबॉल का प्रशिक्षण ले रहे बच्चों के बीच पहुंचे और उन्होंने सॉफ्टबॉल खेल में हाथ आजमाया। यहां नवमीं कक्षा की छात्रा रेणुका चेलक ने मुख्यमंत्री के लिए बॉल थ्रो किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सॉफ्टबॉल स्टिक से जमकर हाथ चलाया। लगभग दस बार उन्होंने लगातार बॉल को हिट कर अपनी फिटनेस, ऊर्जा और लक्ष्य के प्रति अडिग रहने की अपनी भावना का यहां फिर से उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री के इस अद्भूत प्रदर्शन की सभी ने प्रशंसा की।

सटीक निशाने को मुख्यमंत्री का सलाम, दिए एक हजार रुपए इनाम

यहां तीरंदाजी का अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने स्वयं भी तीरंदाजी में हाथ आजमाया। यहां खिलाड़ियों के निशाने को भी परखा और अच्छे निशाने को देखकर भूरि-भूरि प्रशंसा की। कक्षा 12वीं की छात्रा द्वारा सॉफ्टबॉल प्रशिक्षण के दौरान लगाए गए सटीक निशाने से प्रभावित मुख्यमंत्री ने प्रोत्साहन स्वरूप अपनी ओर से एक हजार रुपए का नगद इनाम भी दिया।