कांग्रेस ने चौलेश्वर चंद्राकर को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) विभाग का प्रदेश अध्यक्ष बनाया

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक महत्वपूर्ण फेरबदल हुआ है। कांग्रेस ने चौलेश्वर चंद्राकर को अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) विभाग का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पिछले महीने मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस में खींचतान तेज हुई तो चौलेश्वर की स्थिति भी कमजोर हुई। उन्हें जांजगीर-चांपा जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया गया था।चौलेश्वर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाते हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार रात इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चौलेश्वर चंद्राकर को OBC विभाग का प्रदेश अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव का अनुमोदन कर दिया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की जाती है। अभी तक बिलासपुर के कृष्ण कुमार यादव (राजू) अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस घोषणा के साथ ही प्रदेश कांग्रेस में चौलेश्वर चंद्राकर का कद भी बढ़ गया है।

प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम की कार्यकारिणी में उन्हें जांजगीर-चांपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया था। इस नियुक्ति के बाद जांजगीर-चांपा कांग्रेस में विवाद की स्थिति बनी थी। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत जांजगीर-चांपा के सक्ती विधानसभा से विधायक हैं। ऐसे में उन्होंने भी चौलेश्वर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बताया जाता है, इसके लिए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम से भी कहा था, लेकिन चौलेश्वर को वहां से हटाया नहीं गया।

PCC में सचिव भी रह चुके हैं चौलेश्वर

विधानसभा चुनाव से पहले भूपेश बघेल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने थे तो भी चौलेश्वर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली थीं। उन्हें प्रदेश कांग्रेस का सचिव बनाया गया था।