पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में आज कांग्रेस करेगी पांच मिनट का चक्का जाम

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस आज पांच मिनट का चक्का जाम करेगी। कांग्रेस लोगों से कह रही है कि 18 जून को दोपहर 12 बजे 5 मिनट के लिये जहां हैं वहीं थम जायें। इस चक्का जाम से मंहगाई का विरोध करें। महिला कांग्रेस ने 20 जून को प्रदेश भर प्रदर्शन का फैसला किया है। महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ यह प्रदर्शन वर्चुअल होगा। कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई इस मुद्दे पर पहले ही अलग-अलग आंदोलन चला रहे हैं।

गौरतलब हो कि गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में एक साथ प्रदर्शन किया। रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता कार और बाइक को धक्का लगाते हुए घड़ी चौक से रजबंधा मैदान स्थित भाजपा कार्यालय की ओर निकले। उनका कहना था, वे लोग प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं को यह कार सौंपकर आएंगे। रास्ते में पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

संसदीय सचिव विकास उपाध्याय की अगुवाई में कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता घड़ी चौक पर इकट्ठा हुए। प्रदर्शनकारी इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। उसके बाद बाइक को घसीटते हुए और कार को धक्का देकर भाजपा कार्यालय की ओर आगे बढ़े। लालगंगा शॉपिंग कॉम्पलेक्स के सामने पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। थोड़ी देर की धक्कामुक्की के बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।

विकास उपाध्याय ने कहा, एक समय वो था जब पेट्रोल की कीमतों में कुछ पैसों की वृद्धि हो जाने पर डॉ. रमन सिंह पूरे मंत्रीमंडल के साथ साइकल चलाते विरोध किया करते थे। आज पेट्रोल की कीमत 100 रुपए पहुंच गई तो कोई विरोध नहीं हो रहा है। जनता की कीमत पर केन्द्र सरकार 26 लाख करोड़ मुनाफा कमा चुकी है। इसकी जिम्मेदार भाजपा है।

कांग्रेस का प्रदर्शन प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी हुआ। पार्टी ने प्रचार वाहनों पर लाउडस्पीकर लगाकर “महंगाई डायन खाए जात है, गीत बजाया। उसके साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण भी सुनाए। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम कोण्डागांव के प्रदर्शन में शामिल हुये। प्रदेश के 27 जिला मुख्यालयों के करीब तीन हजार वार्डों और 307 से अधिक संगठन ब्लाकों में कांग्रेस ने आज प्रदर्शन किया है। महंगाई के विरोध में प्रधानमंत्री मोदी के भाषणों के आॅडियो को सुनाकर बताया कि भाजपा और उसके नेता कितने अवसरवादी हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा के नेता सत्ता में आने से पहले महंगाई को कोसते थे, सरकार में आने के बाद टैक्स लगाकर जमाखोरों को प्रश्रय देकर महंगाई बढ़ाने का काम कर रहे हैं।