देश में कोरोना ने पिछले 24 घंटों में दी थोड़ी राहत, संक्रमण और मौतों में आई कमी

Chhattisgarh Crimes

नई दिल्ली। देश में पिछले चौबीस घंटों के दौरान कोरोना से होने वाली मौतों एवं संक्रमण में कमी आई है। इस दौरान देशभर में कुल 3576 मौतें दर्ज की गई हैं तथा 3,11,325 नए संक्रमण आए हैं। संक्रमण में कमी की वजह इस दौरान कम जांच होना हो सकता है, क्योंकि कुल 14.74 लाख जांच हुए हैं। जबकि रोज 18-19 लाख जांच हो रहे थे। लेकिन मौतों में थोड़ी कमी सकारात्मक संकेत माना जा सकता है। वहीं, देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 37,13,243 है।

इस बीच देश में स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार सुधर रही है। बीते चौबीस घंटों के दौरान 3,35,645 लोग स्वस्थ हुए हैं। जिन राज्यों में संक्रमण सर्वाधिक है, वहां स्वस्थ होने वाले भी सबसे ज्यादा हैं। 74 फीसदी स्वस्थ होने वाले दस उन्हीं राज्यों से हैं जहां सबसे ज्यादा संक्रमण है। इनमें महाराष्ट्र, यूपी, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गुजरात तथा दिल्ली शामिल हैं।

74 फीसदी नए केस दस राज्यों से

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 74 फीसदी नए केस दस राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, यूपी, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान, हरियाणा तथा दिल्ली में दर्ज किए गए हैं। विगत 7 मई को सबसे ज्यादा नए संक्रमण 4,14,188 दर्ज किए गए थे। जबकि 8 मई को सबसे ज्यादा 4,187 मौतें दर्ज की गई थीं। आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि नए संक्रमण में दिल्ली दस राज्यों में आखिरी पायदान पर है।

83 फीसदी सक्रिय मामले 13 राज्यों में

कुल 83 फीसदी सक्रिय मामले 13 राज्यों में हैं। इनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, बिहार एवं मध्य प्रदेश है। इन राज्यों में सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख से अधिक है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 6.18 लाख सक्रिय मामले हैं।

73 फीसदी मौतें दस राज्यों में

इसी प्रकार कुल मौतों में 73 फीसदी दस राज्यों महाराष्ट्र, कर्नाटक, यूपी, दिल्ली, तमिलनाडु, पंजाब, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, राजस्थान तथा हरियाणा में हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 549 मौतें दर्ज की गई हैं।