भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर जानलेवा हमला : कार से आए हमलावरों ने की फायरिंग; पेट को छूते हुए निकली गोली

Chhattisgarh Crimes

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद इलाके में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। वह दिल्ली से अपने घर सहारनपुर के छुटमलपुर कस्बे जा रहे थे।

चंद्रशेखर भीम आर्मी के सह-संस्थापक और अध्यक्ष हैं। वह अंबेडकरवादी कार्यकर्ता और वकील हैं। आजाद, सतीश कुमार और विनय रतन सिंह ने 2014 में भीम आर्मी की स्थापना की थी।

हरियाणा नंबर की कार से आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर 4 राउंड फायरिंग की। गोली उनके पेट को छूते हुए निकल गई। फायरिंग में आजाद की कार के शीशे भी टूट गए हैं। CCTV फुटेज में गाड़ी का नंबर HR-70D-0278 दिख रहा है। चंद्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां से शुरुआती इलाज के बाद सहारनपुर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़ लगी हुई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।

पार्टी बोली- ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य

हमले की सूचना चंद्रशेखर के राजनीतिक दल आजाद समाज पार्टी ने ट्वीट कर दी। लिखा- देवबंद में राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला हुआ है। ये बहुजन मिशन मूवमेंट को रोकने का कायराना कृत्य है। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा की मांग करते हैं।

वहीं, भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण गौतम ने कहा, ”जिस प्रकार से प्रदेश के अंदर माहौल बना हुआ है, चाहे वो मुस्लिम नेता हो या दलित नेता हो। उन्हें टारगेट किया जा रहा है। उन पर गोलियां चलाई जा रही हैं। यह बहुत ही निंदनीय है।”

उन्होंने कहा, ”चंद्रशेखर यूथ आइकन हैं। ये गोली उन पर नहीं, यूथ पर चली है, जो बर्दाश्त नहीं होगा। प्रदेश सरकार से कहना चाहता हूं कि चंद्रशेखर को जेड प्लस सुरक्षा दी जाए। जिन्होंने गोली चलाई है, उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। अगर गिरफ्तारी नहीं हुई तो देश और प्रदेश में माहौल संभालना मुश्किल हो जाएगा।”

पुलिस बोली- CCTV में नजर आई हमलावरों की कार

हमलावरों की कार एक जगह CCTV कैमरे में नजर आई है। पुलिस ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ के लिए पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी गई है। वहीं CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।