संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों की मुख्य सचिव ने ली संयुक्त बैठक

Chhattisgarh Crimes

रायपुर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने मंगलवार को यहां मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त संभागायुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों से शासन की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य प्राप्ति के लिए रणनीति और सफलता के मापदण्ड के विषय में चर्चा की। श्री जैन ने मुख्यत: योजनाओं के क्रियान्वयन और शासन के आय में बढ़ोत्तरी के विषय पर विशेष ध्यान देने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए है। बैठक में मुख्य रूप से राज्य में कानून और शांति व्यवस्था, कोविड-19, धान खरीदी, राजस्व, नगरीय विकास एवं पर्यावरण संरक्षण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, वर्चुअल मैराथन और राम वन गमन परिपथ बाईक रैली के क्रियान्वयन के विषय में मुख्य सचिव श्री जैन ने मार्गदर्शन और दिशा निर्देश दिया।

श्री जैन ने अप्रिय घटनाओं और अपराधों की रोकथाम के लिए सूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय और मजबूत करने के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है गंभीर अपराधों जैसे-महिला एवं बच्चों के प्रति होने वाले अपराध, हत्या, लूट, डकैती आदि पर त्वरित विवेचना करने और मजबूत अभियोजन के साथ न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत करके अपराधियों को सजा दिलवायी जाए। चिटफंड कम्पनियों के संचालकों पर कानूनी कार्यवाही करते हुए कम्पनी और संचालकों की संपत्ति की कुर्की करने और प्रभावितों को राशि वापस दिलाने त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा है कि किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए 112 और 100 नम्बर की सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। इस नम्बरों पर किसान अथवा आम नागरिक अपनी गंभीर समस्याओं के विषय में जानकारी दे सकेंगे। जरूरी होने पर उनकी काउंसिलिंग भी कारायी जा सकेगी।

अवैध शराब और अवैध खनिज परिवहन रोकने के निर्देश

श्री जैन ने अवैध शराब और अवैध खनिज परिवहन रोकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए है। उन्होंने अवैध परिवहन में लगे हुए वाहनों, व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश भी दिए है। प्रमुख औद्योगिक और खनन क्षेत्र में ओव्हरलोडिंग की प्रक्रिया पर निगरानी रखने और कड़ी कार्यवाही करने कहा गया है। प्रदेश में होने वाले सड़क दुर्घटना रोकने के लिए संबंधित वाहन चालकों के लाइसेंस रद् करने के निर्देश भी दिए गए है। उन्होंने कहा है कि राज्य शासन को विभिन्न विभागों द्वारा विभिन्न हितग्राही वर्ग के लिए बीमा योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। किसी भी मृत्यु या दुर्घटना से प्रभावित लोगों को इन बीमा योजना का लाभ मिले यह सुनिश्चित किया जाए। श्री जैन ने कोविड-19 की समीक्षा करते हुए जांच की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए है।

Exit mobile version