बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर में एकदिवसीय प्रवास पर पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी चिंतामणि महाराज के पक्ष में मतदान करने की लोगों से अपील की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा के दो चरणों में हुए मतदान की चार सीटों पर भाजपा की जीत तय है।
सरगुजा संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेसियों को 5 साल राज करने का मौका मिला था। कांग्रेसियों ने विधानसभा चुनाव में 36 वादे किये थे लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। सीएम ने कहा कि कांग्रेसियों ने छत्तीसगढ़ को अपराध का गढ़ बना दिया था।
मुख्यमंत्री ने महादेव एप का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के EVM पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव हार रही है और हार के लिए बहाने ढूंढ रही है। यही नहीं मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के नक्सलियों के खात्मे वाले बयान पर कहा कि कांग्रेसी नक्सलियों को शहीद बताते है और सर्जिकल स्ट्राइक पर भी सवाल खड़े करते हैं।
बता दें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को सरगुजा संसदीय क्षेत्र के वाड्रफनगर में सरगुजा सीट से भाजपा के प्रत्याशी चिंतामणी महराज के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, प्रत्याशी चिंतामणी महराज समेत स्थानीय नेता मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संसदीय क्षेत्र में आगामी 7 मई को मतदान किया जाएगा। सरगुजा सीट से भाजपा ने चिंतामणी महराज को प्रत्याशी बनाया है, वहीं कांग्रेस ने शशि सिंह को बनाया है।