अपर कलेक्टर चौरसिया को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

Chhattisgarh Crimes

गरियाबंद। गरियाबंद जिले में पदस्थ अपर कलेक्टर जे.आर. चौरसिया शासकीय सेवाकाल के अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर 30 सितम्बर को सेवानिवृत्त हुए। जिला प्रशासन द्वारा गुरूवार की संध्या कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में श्री चौरसिया को अधिकारी – कर्मचारियों द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के समस्त विभाग के अधिकारी एवं कलेक्टोरेट के समस्त शाखाओं के कर्मचारी सम्मिलित हुए। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर ने सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर जे.आर चौरसिया को शालश्रीफल, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट किया।

विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए कलेक्टर क्षीरसागर ने कहा कि कार्य के प्रति तत्पर रहने के कारण श्री चौरसिया की पहचान कर्तव्यनिष्ट अधिकारी के रूप में रही है। राजिम माघी पुन्नी मेला स्थल चयन व जमीन की उपलब्धता तथा डोंगरीगांव में शासकीय कार्य हेतु जमीन चयन व रिकार्ड की उपलब्धता में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कलेक्टर श्री क्षीरसागर ने सेवानिवृत्ति पर उनके सुदीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी। डीएफओ मयंक अग्रवाल ने कहा कि श्री चौरसिया क्षमता के अनुरूप कार्य करने में सक्षम थे। वे किसी भी समस्या का सकारात्मक ढंग से समाधान करने में सक्षम थे। उनके कार्य अनुभव ज्ञान का लाभ अधीनस्थ अधिकारियों को भी मिलेगा। श्री अग्रवाल ने उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की ।

विदाई समारोह में जिला पंचायत के सीईओ संदीप अग्रवाल, एस.डी.एम विश्वदीप, ए.एस.पी संतोष महतो, सीएमएचओ डॉ एन आर नवरत्न , डिप्टी कलेक्टर भूपेन्द्र साहू,जिला योजना एवं सांख्यिकी अधिकारी एस.के. बंजारे, उप संचालक जनसम्पर्क एम.एस.सोरी ने सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर श्री चौरसिया के सम्मान में अपने विचार व्यक्त किये। रेशम विभाग के सहायक संचालक एस.के. कोल्हेकर ने चलते-चलते मेरे ये गीत याद रखना…गीत गाकर विदाई समारोह में अपनी स्वरांजलि अर्पित किया। विदाई समारोह में सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर श्री चौरसिया ने अपने सेवा काल के अनुभव शेयर करते हुए अवगत कराया कि वे 13 मार्च 1984 को नायब तहसीलदार के पद पर शासकीय सेवा ज्वाइन किया। शासकीय सेवा प्रारंभ से अब तक उनकी पोस्टिंग जिला मुख्यालय में ही हुई। गरियाबंद जिले में तीन वर्ष का सेवाकाल पूर्ण किया।

श्री चौरसिया ने बताया कि अपने वरिष्ठ अधिकारी के प्रति अधिकारी कर्तव्यनिष्ट रहे। वे नियम प्रक्रिया की जानकारी के साथ निर्भय होकर काम करे। उन्होंने कहा कि जिला के सहकर्मी अधिकारियों और कलेक्टर एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण किया। श्री चौरसिया ने सेवानिवृत्ति पर सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन सहायक आयुक्त आदिवासी विकास बी.के.सुखदेवे ने किया। कार्यक्रम के अंत में संयुक्त कलेक्टर ऋषा ठाकुर ने आभार व्यक्त किया।