बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी; CRPF के 4 और DRG का एक जवान शहीद, 3 नक्सली भी मारे गए

Chhattisgarh Crimes

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में शनिवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें 5 जवान शहीद हो गए हैं। इनमें 4 CRPF और एक DRG का जवान है। 3 नक्सलियों के भी मारे जाने की खबर है, इनमें एक महिला है। मुठभेड़ अभी भी तर्रेम थाना क्षेत्र के जंगलों में जारी है। SP कमल लोचन कश्यप ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। मुठभेड़ झीरम हमले के मास्टरमाइंड हिड़मा के गांव में हुई है। हमला करने वाले नक्सली उसी की टीम के सदस्य थे। काफी लंबे समय से गांव में नक्सलियों का जमावड़ा लग रहा था। इसकी सूचना पर जवान पहुंचे थे।

छत्तीसगढ़ में 10 दिन के अंदर यह दूसरा नक्सली हमला है। इससे पहले 23 मार्च को हुए हमले में भी 5 जवान शहीद हुए थे। यह हमला नक्सलियों ने नारायपुर में IED ब्लास्ट के जरिए किया था।

तर्रेम थाने से CRPF, DRG, जिला पुलिस बल और कोबरा बटालियन के जवान संयुक्त रूप से सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान दोपहर में सिलगेर के जंगल में घात लगाए नक्सलियों ने हमला कर दिया। इस पर जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की जा रही है। जवानों को रेस्क्यू कराने के लिए चॉपर रवाना कर दिया गया है।