बाइक सवार ससुर-दामाद को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंद, दोनों की मौत

Chhattisgarh Crimes

बलौदाबाजार।  जिले में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार ससुर और दामाद को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। पत्नी अपने पति और बच्चों के साथ मायके आई थी। दुखद पहलू ये है कि 8 साल पहले पति बारात लेकर अपनी ससुराल गया था और अब पत्नी उसकी अर्थी लेकर ससुराल जाएगी। मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है।

गुरुवार सुबह 11 बजे बाइक में सवार होकर ससुर-दामाद आरंग से मुड़पार संडी आ रहे थे। तभी रायपुर की ओर जा रही पिकअप ने खोरसी गांव के पास बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सीधे पिकअप के नीचे जा घुसी।

इस हादसे में ससुर रामसिंग उर्फ मन्नू साहू (52 वर्ष) निवासी ग्राम मुड़पार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दामाद गौकरण साहू (27 वर्ष) निवासी ग्राम ससहा पामगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

मन्नू साहू की बेटी जीतेश्वरी अपने पति गौकरण और बच्चों के साथ पिता के घर यानी मायके आई थी। उसे पता नहीं था कि उसका मायका आना इस बार उसे जिंदगी भर का दुख दे जाएगा। हादसे में उसने एक साथ पिता और पति दोनों को खो दिया।