सड़क दुर्घटना रोकने हेतु यातायात नियमों का करें पालन

समर्थ युवा सशक्त भारत की थीम पर हुआ आयोजन

Chhattisgarh Crimes

किशन सिन्हा/छत्तीसगढ़ क्राइम्स

छुरा/ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुण्य तिथि के अवसर पर सड़क सुरक्षा सप्ताह अंतर्गत विविध कार्यक्रम आयोजित की गई। भारत सरकार, खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित नेहरू युवा केंद्र के तत्वाधान में वृहद कार्यक्रम किया गया। आरक्षी केंद्र छुरा से एएसआई एम.एस. ठाकुर, समाजसेवी शीतल ध्रुव, प्राचार्य एन.सी. साहू, प्रधान पाठक निर्भय राम ठाकुर, वरिष्ठ शिक्षक मुरारी राम देवांगन, विनोद देवांगन एवं नेहरू युवा केंद्र के राष्ट्रीय स्वयंसेवक नरेंद्र साहू द्वारा युगपुरुष स्वामी विवेकानंद की पूजा अर्चना की गई।

Chhattisgarh Crimes

राष्ट्रीय स्वयंसेवक नरेंद्र साहू ने नेहरू युवा केंद्र के उद्देश्यों को बताते हुए युवाओं को नशामुक्ति, स्वच्छता अभियान, सड़क सुरक्षा अभियान में जुड़कर कार्य करने के लिए आग्रह किया। एएसआई एम.एस. ठाकुर ने यातायात के संकेत चिन्ह और उनके अर्थ बताते हुए कहा कि हमेशा यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। शीतल ध्रुव ने कहा कि यातायात, जीवन सुरक्षा की दृष्टि से नियमबद्ध प्रक्रिया है। सुरक्षा मानकों का पालन करना चाहिए। प्राचार्य एनसी साहू ने बालिग होने पर परिवहन विभाग से विधिवत लाइसेंस लेकर ही वाहन चलाने के लिए जागरूक किया। वरिष्ठ शिक्षक मुरारी राम देवांगन ने यातायात नियमों को बताते हुए कहा कि ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें, गतिसीमा को पार न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, गाड़ी चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करें, हमेशा बाई ओर चले, हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, ओवरटेक न करें, पैदल चलने वाले जेब्रा क्रॉसिंग पर ही पार करें।

यातायात के नियमों का पालन कर सुरक्षित, संयमित जीवन जीवन जीएं। विनोद देवांगन ने कहा कि सड़क के दाएं और बाएं ओर देखकर ही सड़क पार करें। सदैव बड़ों की मदद करें। प्रधानपाठक निर्भय राम ठाकुर ने कहा कि सड़क दुर्घटना में सबसे अधिक मौत भारत में होती है। उन्होंने नशामुक्ति हेतु सभी को शपथ दिलाया और घर, परिवार, गांव वालों को नशामुक्त जीवन जीने हेतु प्रेरित करने को कहा। माई भारत, विकसित भारत अंतर्गत सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा ने किया। आभार प्रदर्शन स्वयंसेवक उमाशंकर ने किया। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ठगेश, भुवनेश्वर, श्यामाचरण, दिनेश को यातायात नियमों का पालन करने संबंधी प्रेरक टी-शर्ट, कैप एवं बेच लगाकर सम्मानित किया गया।

युवाओं ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ रैली निकालकर सड़क सुरक्षा अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया। बच्चों ने नगरवासियों को व्यसनमुक्ति और स्वच्छता का भी संदेश दिया। सभी बच्चों को स्वल्पाहार दिया गया। कार्यक्रम में व्याख्याता केशव साहू, योगाचार्य मिथलेश सिन्हा, शिक्षक चंद्रभूषण निषाद, उमेश कुमार ढीढी, शीतल चंद्राकर, करुणा वर्मा, टकेश्वर कुमार पाल, गायत्री यदु, दुर्गेशनंदिनी साहू, आरती बंजारे, परागा ध्रुव, पीली बाई, प्रतिमा शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।